Fact Check: हमीरपुर की दबंग महिला के नाम से वायरल वीडियो में दिख रही पिस्टल नकली है, भ्रामक दावा वायरल
Fact Check हमीरपुर के कम्हरिया गांव की महिला का वीडियो भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। महिला के हाथ में लाइटर है पिस्टल नहीं। अपने बचाव के लिए वह डंडा लेकर निकली थी। इसमें वीडियो में दिख रही महिला की तस्वीर भी अपलोड की गई है।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक महिला की वीडियो वायरल हो रही है। उसके एक हाथ में डंडा और एक हाथ में पिस्टल जैसा कुछ देखा जा सकता है। 15 सेकंड के इस वीडियो को शेयर करके यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो हमीरपुर के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में कम्हरिया गांव की दबंग महिला का है। वह एक हाथ में पिस्टल और एक हाथ में डंडा लेकर चलती है। दैनिक जागरण की फैक्ट चेकिंग वेबसाइट 'विश्वास न्यूज' ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। महिला ने लाइटर पकड़ा हुआ है।
वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए 'विश्वास न्यूज' ने कीवर्ड से इसे सर्च किया। इसमें 19 मई 2022 को zeenews में छपी खबर का लिंक मिला। इसमें वीडियो में दिख रही महिला की तस्वीर भी अपलोड की गई है। खबर के मुताबिक, गांव में घूमती महिला का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो हमीरपुर के मौदहा थाना क्षेत्र में आने वाले कम्हरिया गांव का है। गांव के ही लोगों ने महिला का वीडियो शूट किया है। पुलिस जांच में पता चला है कि महिला के पास से बरामद पिस्टल नकली है। महिला भैंस को भगाने के लिए डंडा लेकर निकली थी। इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया।
enavabharat वेबसाइट पर भी 19 मई को इस संबंध में खबर छपी है। इसके मुताबिक, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच के लिए महिला के घर पहुंची। वहां पता चला कि पिस्टल नकली थी। महिला ने पिस्टल की तरह दिखने वाला लाइटर पकड़ा था।
'विश्वास न्यूज' ने हमीरपुर पुलिस का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट भी सर्च किया। इसमें 17 मई 2022 को पुलिस द्वारा किया गया ट्वीट मिला। इसमें लिखा है कि महिला के घर में अचानक भैंस आ गई थी। उस समय घर में बच्चे भी मौजूद थे। भैंस को भगाने के लिए वह डंडा लेकर उसके पीछे गई। उसके हाथ में पिस्टल नुमा लाइटर था। इसको महिला ने बच्चों से लिया था। तमंचा या डंडा लेकर किसी को डराने धमकाने की बात गलत है।
इसकी अधिक पुष्टि के लिए 'विश्वास न्यूज' ने मौगहा थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर पवन से बात की। उनका कहना है,'महिला का नाम शाहीन है। बचाव में वह डंडा लेकर आई थी। किचन से निकलते समय उसने लाइटर भी ले लिया था। उसके हाथ में लाइटर था, पिस्टल नहीं। दबंग महिला जैसा भी कोई मामला नहीं है।'
इस पड़ताल को विस्तार से यहां पढ़ें।
https://www.vishvasnews.com/viral/fact-check-hamirpur-maudaha-woman-video-viral-with-false-claim/