Fact Check Story : वायरल वीडियो में मेनका गांधी नहीं, कांग्रेस की नेता हैं
फैक्ट चेकिंग वेबसाइट विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की विस्तार से जांच की तो पता चला कि कांग्रेस नेता डॉली शर्मा के एक पुराने वीडियो को फिर से भाजपा सांसद मेनका गांधी के नाम पर वायरल किया जा रहा है।
नई दिल्ली, विश्वास न्यूज। इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर तेजी से एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला को कोरोना को लेकर सरकार और जनप्रतिनिधियों की आलोचना करते हुए देखा जा सकता है। यूजर्स दावा कर रहे हैं कि वीडियो भाजपा सांसद मेनका गांधी का है।
फैक्ट चेकिंग वेबसाइट विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की विस्तार से जांच की तो पता चला कि कांग्रेस नेता डॉली शर्मा के एक पुराने वीडियो को फिर से भाजपा सांसद मेनका गांधी के नाम पर वायरल किया जा रहा है।
भाजपा सांसद मेनका गांधी के नाम से वायरल वीडियो की तह में जाने के लिए विश्वास न्यूज ने पड़ताल की शुरुआत ऑनलाइन टूल्स के माध्यम से की। वीडियो के ग्रैब्स के आधार पर ओरिजनल वीडियो को गूगल में खोजने का प्रयास किया गया। गूगल रिवर्स इमेज टूल के जरिए यूथ कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल तक पहुंचा गया। वहां इस वीडियो को 13 मई 2021 को अपलोड किया गया था, लेकिन वीडियो में इस महिला का नाम नहीं बताया गया। इसी पोस्ट के कमेंट में हमें कुलदीप पंडित नाम के एक यूजर का कमेंट मिला। इसमें बताया गया कि यह यह कोई आम महिला नहीं है। गाजियाबाद की बेटी पूर्व लोकसभा उम्मीदवार गाजियाबाद बहन डॉली शर्मा हैं। कमेंट में डॉली शर्मा के ट्विटर हैंडल को भी टैग किया गया था। इसके बाद डॉली शर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट को स्कैन किया गया। डॉली शर्मा ने 15 जनवरी 2022 को वायरल वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा कि मेरा यह वीडियो पहले भी मेनका गांधी के नाम से वायरल किया गया। जिसके चलते मुझ पर पीलीभीत में केस भी किया गया था। अब दोबारा यह वीडियो फैलाया जा रहा है। इसका पूरा वीडियो आप मेरे फेसबुक पेज पर देख सकते हैं। मैंने कहीं मेनका गांधी जी का नाम तक नही लिया।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते डाली शर्मा से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्ट को व्हाट्सएप पर शेयर किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो में मेनका गांधी नहीं, बल्कि वे खुद हैं। इस वीडियो को उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया था।
पड़ताल को विस्तार से यहां पढ़ा जा सकता है