Bam Bholle Song: 'लक्ष्मी' के बम भोले गाने में अक्षय कुमार की ज़बरदस्त परफॉर्मेंस देख हिल जाएंगे, देखें यह वीडियो
Bam Bholle Song अक्षय ने इंस्टाग्राम पर बम भोले गाना शेयर करने के साथ लिखा- बम भोले गाने के साथ देखिए लक्ष्मी का उग्र अंदाज़। इस गाने में अक्षय की गति और अंदाज़ दोनों ही तेज़ और धाराप्रवाह संगीत के साथ क़दम मिला रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। अक्षय कुमार की फ़िल्म लक्ष्मी का नया गाना बम भोले रिलीज़ हो गया है। भगवान शिव को समर्पित इस गाने में अक्षय की एनर्जेटिक परफॉर्मेंस देखकर रोंगटे खड़े हो जाएंगे। पूरे गाने में अक्षय कुमार लक्ष्मी के गेटअप में तेज़ गति से भक्ति-नृत्य करते नज़र आते हैं। अक्षय ने गाना सोशल मीडिया में शेयर किया है।
अक्षय ने इंस्टाग्राम पर बम भोले गाना शेयर करने के साथ लिखा- बम भोले गाने के साथ देखिए लक्ष्मी का उग्र अंदाज़। इस गाने में अक्षय की गति और अंदाज़ दोनों ही तेज़ और धाराप्रवाह संगीत के साथ क़दम मिला रहे हैं। नाचते हुए इधर से उधर दौड़ते अक्षय की ऊर्जा भी हैरान करती है। कभी भभूत लगाकर तो कभी हाथ में त्रिशूल थामकर अक्षय धुआंधार डांस कर रहे हैं। गाने की पृष्ठभूमि में भगवान शंकर की एक विशाल आकृति है और लाल साड़ी पहने अक्षय लक्ष्मी के वेश में उन्हें आहुति देते नज़र आते हैं। गाना यू-ट्यूब पर ख़ूब धमाल मचा रहा है।
बम भोले गाने को सिंगर वायरस ने आवाज़ दी है। गाने के लिरिक्स और म्यूज़िक उल्लूमनाती का है, जो एक म्यूज़िक प्रोडक्शन हाउस है।
इससे पहले लक्ष्मी के ट्रेलर को भी यू-ट्यूब पर ख़ूब पसंद किया गया था। सिर्फ़ 24 घंटों में ट्रेलर को 70 मिलियन से अधिक व्यूज़ मिले थे। 'लक्ष्मी' में हॉरर और थ्रिल के साथ कॉमेडी का भी ज़बरदस्त तड़का है। फ़िल्म का निर्देशन राघव लॉरेंस ने किया है। यह तमिल ब्लॉकबस्टर 'मुनि 2- कंचना' का आधिकारिक रीमेक है।
अक्षय ने एक्शन, ड्रामा, इमोशन से लेकर कॉमेडी फ़िल्में की हैं, मगर इस बार वो अलग ही रंग में हैं। भूलभुलैया के बाद अक्षय की यह दूसरी हॉरर-कॉमेडी है। 'लक्ष्मी' 9 नवम्बर को डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज़ होगी। लक्ष्मी का पहले लक्ष्मी बम शीर्षक था, जिसे विवाद के बाद बदलकर सिर्फ़ लक्ष्मी कर दिया गया। लक्ष्मी में कियारा आडवाणी फीमेल लीड हैं। अक्षय के साथ उनकी दूसरी फ़िल्म है। दोनों ने इससे पहले गुड न्यूज़ में साथ काम किया था, मगर कियारा की पेयरिंग उनके साथ नहीं थी।