नई दिल्ली, जेएनएन। सुनील शेट्टी ने हाल ही में बेटी अथिया शेट्टी को विदा किया है। अथिया की शादी क्रिकेटर केएल राहुल के साथ धूमधाम से हुई, जिसकी तस्वीरें और वीडियो अभी भी सोशल मीडिया के जरिए सामने आ रहे हैं। इस बीच सुनील शेट्टी के नये शो की घोषणा हुई है, जो एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम किया जाएगा। वारियर हंट के नाम से आ रहा यह देश का पहला एमएमए रिएलिटी  शो है। 

शो के जरिए देश के एमएमए फाइटर्स को लॉन्च पैड दिया जा रहा है। इस शो का निर्माण एमएक्स स्टूडियोज ने किया है। सुनील शो को होस्ट कर रहे हैं। रिएलिटी शो में 16 शॉर्टलिस्ट किये गये कंटेस्टेंट्स के बीच मुकाबले होंगे और विजेता चुना जाएगा। शो 12 फरवरी से एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम किया जा रहा है। 

यह भी पढ़ें: The Romantics Trailer- वेलेंटाइन डे पर आ रही यश चोपड़ा पर बनी डॉक्युमेंट्री, 35 सेलेब्स से सुनाएंगे किस्से

कुमिते 1 वारियर हंट के मेजबान सुनील शेट्टी ने कहा, "MMA बेहद दिलचस्प खेल है, जिसके लिए अनुशासन, दृढ़ संकल्प और समर्पण बहुत जरूरी है। शो के प्रतिभागियों में भी हम यही सब देख रहे हैं। शो के जरिए चुने गये विजेताओं को वैश्विक मंच तक ले जाया जाएगा।''

ट्रेलर में खिलाड़ियों को एक-दूसरे से जूझते हुए दिखाया गया है। बीच-बीच में कोच और खुद सुनील शेट्टी हौसलाअफजाई करते दिखते हैं। कहीं, वो भावातिरेक में उछलते हुए भी दिखते हैं।

धारावी बैंक में बने थे डॉन

एमएक्स प्लेयर के साथ सुनील की यह दूसरा एसोसिएशन है। उन्होंने प्लेटफॉर्म पर आयी सीरीज धारावी बैंक से ओटीटी की पारी शुरू की, जिसमें सुनील ने अंडरवर्ल्ड डॉन का किरदार निभाया। इस शो में विवेक ओबेरॉय पुलिस अफसर के रोल में हैं।

क्रिकेट खेलते हैं सुनील शेट्टी

वैसे सुनील खुद खेलों के शौकीन हैं। साठ साल से ज्यादा की उम्र में उनकी फिटनेस कई कलाकारों के लिए प्रेरणा बन सकती है। सुनील का खेलों से सीधा रिश्ता भी रहा है। सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग में वो खेलते रहे हैं। मुंबई हीरोज क्रिकेट टीम के वो कप्तान हैं। किकबॉक्सिंग में उन्होंने ब्लैक बेल्ट ली है।

अगर फिल्मों की बात करें तो सुनील आखिरी बार 2021 की फिल्म मुंबई सागा में नजर आये थे। पिछले कुछ वक्त से वो साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में भी खूब काम कर रहे हैं। पिछले साल रिलीज हुई स्पोर्ट्स तेलुगु फिल्म गनी में उन्होंने एक अहम किरदार निभाया था। इस फिल्म में वरुण तेज टाइटल रोल में थे।

यह भी पढ़ें: Farzi- राशि खन्ना को जिस ऑडिशन से बिल्कुल उम्मीद नहीं थी, उसी ने दिलवायी शाहिद कपूर स्टारर वेब सीरीज 'फर्जी'

Edited By: Manoj Vashisth