Nayanthara Wedding Documentary: नेटफ्लिक्स की इस डॉक्यूमेंट्री के जरिए नयनतारा की शादी में हो जाइए शामिल, देखें वीडियो
Nayanthara Wedding Documentary नयनतारा तमिल फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय एक्ट्रेस हैं और उन्हें लेडी सुपरस्टार कहा जाता है। निर्देशक विग्नेश शिवन के साथ उनकी शादी काफी चर्चित रही थी। दोनों कई साल लम्बी रिलेशनशिप के बाद शादी के बंधन में बंधे थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। लेडी सुपरस्टार के नाम से विख्यात तमिल एक्ट्रेस नयनतारा ने अपने लॉन्ग टाइम ब्वॉयफ्रेंड और निर्देशक विग्नेश शिवन से 9 जून को शादी की थी। दोनों की शादी महाबलीपुरम में हुई थी। इस फेयरीटेल वेडिंग में शाह रुख खान भी शामिल हुए थे, जिनके साथ नयनतारा जवान फिल्म कर रही हैं।
शादी की कुछ तस्वीरें नयनतारा और विग्नेश ने अपने फैंस के लिए सोशल मीडिया एकाउंट से शेयर भी की थीं, मगर अब फैंस फेयरीटेल शादी की एक-एक हलचल वीडियो के जरिए देख सकेंगे। नेटफ्लिक्स नयनतारा की शादी पर बनी डॉक्यूमेंट्री 'नयनतारा- बियॉन्ड द फेयरीटेल' लेकर आ रहा है।
मंगलवार को इसका एक वीडियो शेयर करके डॉक्यूमेंट्री की झलक दिखायी गयी। इस टीजर में विग्नेश और नयनतारा एक-दूसरे के बारे में बोल रहे हैं। रिलीज डेट का अभी खुलासा नहीं किया गया है। इस वीडियो के साथ जानकारी दी गयी है कि नयनतारा- बियॉन्ड द फेयरीटेल डॉक्यूमेंट्री जल्द रिलीज होगी, जिसमें इस शादी के करिश्माई सफर को दिखाया जाएगा।
View this post on Instagram
डॉक्यूमेंट्री में तैयारियों से लेकर शादी के दिन तक की गतिविधियां नजर आएंगी, वहीं इस बिग फैट वेडिंग में पहुंचे कुछ खास मेहमानों की झलकियां भी देखने को मिलेंगी।
View this post on Instagram
नयनतारा- बियॉन्ड द फेयरीटेल का निर्देशन गौतम वासुदेव मेनन ने किया है, जो एक जाने-माने तमिल निर्देशक हैं और मिन्नाले, वेट्टियाडु और वाराणम आइराम जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाते हैं। नयनतारा और विग्नेश पहली बार नानुम राउड़ीधान फिल्म के लिए साथ आये थे, जो 2015 में रिलीज हुई थी। दोनों कई साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। दोनों ने साथ में राउड़ी पिक्चर्स प्रोडक्शन हाउस की शुरुआत भी की है।
नयनतारा जवान के साथ हिंदी सिनेमा में डेब्यू करेंगी। एटली निर्देशित जवान बहुभाषी फिल्म है। हिंदी के अलावा फिल्म दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी रिलीज की जाएगी। शाह रुख खान की जवान एक एक्शन फिल्म है, जो अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज होगी।