Mahatma Gandhi Death Anniversary: गांधी पर सुभाष घई की शॉर्ट फिल्म में मनोज बाजपेयी ने किया मुफ्त काम
Mahatma Gandhi Death Anniversary सुभाष घई ने बताया कि उनके अंदर हमेशा से एक 20 साल का लड़का घूमता रहता है। उन्होंने इस फिल्म के लिए मनोज बाजपेयी को चुना।
नई दिल्ली,जेएनएन। वर्ष 2014 में रिलीज फिल्म 'कांची: द अनब्रेकेबल' के बाद निर्माता-निर्देशक सुभाष घई अब अपनी एक शॉर्ट फिल्म लेकर आ रहे हैं, जिसका नाम है 'गांधी-अ पर्सपेक्टिव'। यह फिल्म उन युवाओं के नजरिए से बनाई गई है, जो गांधीजी और उनकी विचारधाराओं से पूरी तरह से वाकिफ नहीं हैं या उनके मन में उन्हें लेकर कोई सवाल है। फिल्म में मनोज बाजपेयी मुख्य भूमिका में होंगे।
इस फिल्म को बनाने के पीछे के कारणों का जिक्र करते हुए सुभाष घई ने बताया कि सूचना और प्रसारण मंत्रालय के एक अधिकारी ने उनसे कहा था कि महात्मा गांधीजी की 150वीं जयंती के लिए एक छोटा-सा वीडियो बनाकर भेजें। यह सुनकर सुभाष घई सोच में पड़ गए कि गांधीजी पर इतनी किताबें, फिल्में और गाने बने हैं, ऐसे में वह गांधीजी के बारे में क्या नया बता सकते हैं। उन्होंने इस शॉर्ट फिल्म को एक चुनौती के तौर पर लिया।
सुभाष घई ने बताया कि उन्होंने सोचा कि गांधीजी को लेकर आज के 15-17 साल के बच्चे कितना जानते होंगे, उनके मन में क्या सवाल होंगे। उन्होंने कहा कि हम तो गांधीजी की विचारधाराओं के बारे में सुनकर बड़े हुए हैं। हमारी पीढ़ी आस्था और विश्वास में यकीन करती थी। लेकिन आज की पीढ़ी कुछ न कुछ खोजती रहती है। हर चीज के पीछे उनका विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण होता है, जो अच्छी बात है।
सुभाष घई ने बताया कि उनके अंदर हमेशा से एक 20 साल का लड़का घूमता रहता है। उन्होंने इस फिल्म के लिए मनोज बाजपेयी को चुना। उन्होंने कहा कि मैंने मनोज से पहले ही कह दिया कि फिल्म बनानी है, बात बड़ी करनी है, लेकिन सब कुछ मुफ्त में करना होगा। वह तैयार हो गए। फिल्म में मनोज बाजपेयी के साथ सुभाई घई के एक्टिंग स्कूल के छात्र भी काम कर रहे हैं। इस शॉर्ट फिल्म की शूटिंग दो से तीन दिन तक चली थी। आज 30 जनवरी को इस फिल्म का प्रसारण दूरदर्शन पर होना है।