Ludo के बाद नेटफ्लिक्स की इस फ़िल्म में अभिमन्यु दसानी संग दिखेंगी सान्या मल्होत्रा, करण जौहर कर रहे प्रोड्यूस
Netflix की इस फ़िल्म में सान्या मीनाक्षी और अभिमन्यु सुंदरेश्वर के रोल में हैं। सान्या ने यह फोटो शेयर करके लिखा- आप मीनाक्षी और सुंदरेश्वर की शादी में आमंत्रित हैं। तोहफ़े और लम्बी दूरी के संबंधों के लिए मशविरे भेजिए।
नई दिल्ली, जेएनएन। नेटफ्लिक्स की फ़िल्म लूडो में अपनी अदाकारी का दम दिखाने के बाद दंगल गर्ल सान्या मल्होत्रा अब एक मज़ेदार वेडिंग कॉमेडी के लिए गियर अप हो रही हैं। मीनाक्षी सुंदरेश्वर शीर्षक से बन रही फ़िल्म का निर्माण करण जौहर की कम्पनी धर्मेटिक कर रही है, जो ओटीटी के लिए कंटेंट बनाती है। फ़िल्म में सान्या के साथ अभिमन्यु दसानी लीड रोल में हैं। करण ने फ़िल्म से दोनों किरदारों के फ़र्स्ट लुक शेयर किये हैं।
अभिमन्यु और सान्या के किरदार दक्षिण भारतीय हैं और दोनों उत्सवों में पहने जाने वाले पारम्परिक परिधानों में नज़र आ रहे हैं। करण ने इसके साथ लिखा- नाम में क्या रखा है? शादी, प्यार, हंसी, आंसू। मीनाक्षी सुंदरेश्वर इस सबके लिए तैयार हैं। क्या आप हैं? नेटफ्लिक्स पर जल्द आ रही है।
What's in a name? Marriage, love, laughter, tears.
Meenakshi Sundareshwar is ready for it all. Are you? Coming soon to Netflix.@NetflixIndia @apoorvamehta18 @Abhimannyu_D @sanyamalhotra07 @SonniVivek @NotSoSnob @Dharmatic_ pic.twitter.com/2x5WBQCk7f— Karan Johar (@karanjohar) November 25, 2020
फ़िल्म में सान्या मीनाक्षी और अभिमन्यु सुंदरेश्वर के रोल में हैं। सान्या ने यह फोटो शेयर करके लिखा- आप मीनाक्षी और सुंदरेश्वर की शादी में आमंत्रित हैं। तोहफ़े और लम्बी दूरी के संबंधों के लिए मशविरे भेजिए। फ़िल्म का निर्देशन विवेक सोनी कर रहे हैं, जिनकी इस फ़िल्म से निर्देशकीय पारी शुरू हो रही है। विवेक ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर करके लिखा- जोड़ी बन चुकी है और ड्रामा देखने के लिए आप सब आमंत्रित हैं। मीनाक्षी सुंदरेश्वर के लिए अपनी तारीख़ें बचाकर रखिए। जल्द नेटफ्लिक्स पर आ रही है। एक ख़़ूबसूरत और ख़ास रोमांचक सफ़र शुरू कर रहा हूं- मेरी पहली डायरेक्टोरियल फ़िल्म। विवेक ने मौक़ा देने के लिए करण जौहर, धर्मेटिक के सीईओ अपूर्व मेहता और सोमने मिश्रा का शुक्रिया अदा किया।
बता दें, एक्ट्रेस भाग्यश्री के बेटे अभिमन्यु ने हाल ही में निकम्मा फ़िल्म की शूटिंग पूरी की है, जिसे साबिर ख़ान ने निर्देशित किया है। इस फ़िल्म से यू-ट्यूब स्टार शर्ली सेतिया डेब्यू कर रही हैं। वहीं शिल्पा शेट्टी भी पर्दे पर वापसी करेंगी। वहीं, सान्या मल्होत्रा इस साल लूडो के अलावा अमेज़न प्राइम की फ़िल्म शकुंतला देवी में भी नज़र आ चुकी हैं, जिसमें उन्होंने शकुंतला देवी बनी विद्या बालन की बेटी का रोल निभाया था।