Love Aaj Kal On Netfilx: नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हुई कार्तिक आर्यन और सारा अली ख़ान की लेटेस्ट फ़िल्म
Love Aaj Kal On Netfilx सारा अली ख़ान और कार्तिक आर्यन स्टारर फ़िल्म लव आज कल 14 फरवरी को सिनेमाघरों पर उतरी थी। अब यह ऑनलाइन स्ट्रीम कर दी गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Love Aaj Kal On Netfilx: लॉकडाउन की वजह से देश में सभी सिनेमाघर बंद हैं। लेकिन दर्शकों के मनोरंजन का साधान नहीं रुका है। एक के बाद एक नई फ़िल्में और वेब सीरीज रिलीज़ हो रही हैं। इसके अलावा ओटीटी प्लेटफॉर्म्स उन फ़िल्मों का भी प्रसारण कर रहे हैं, जो हाल ही में सिनेमाघरों पर रिलीज़ हुई हैं। उनमें से एक है कार्तिक आर्यन और सारा अली स्टारर 'लव आज कल'।
इम्तियाज़ अली की इस सीक्वल फ़िल्म को अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया गया है। ऐसे में अगर आप सिनेमाघर में इसे देखने से चूक गए हैं, तो ऑनलाइन देख सकते हैं। लव आज कल इस नाम की पुरानी फ़िल्म का सीक्वल है। पहली फ़िल्म को भी इम्तियाज़ अली ने ही निर्देशित किया था। पुरानी लव आज कल में दीपिका पादुकोण और सैफ अली ख़ान मुख्य भूमिका में थे।
क्या है लव आज कल की कहानी
लव आज कल एक रॉमकॉम फ़िल्म है। 2020 की एक मॉडर्न लड़की है जोई (सारा अली खान)। उसकी ज़िंदगी का मकसद अपना करियर बनाना है, लेकिन मौज-मस्ती और ज़िंदगी जीने से भी उसे परहेज नहीं है। इसके अलावा एक लड़का है वीर (कार्तिक आर्यन)। उसे जोई से प्यार हो जाता है। लेकिन जोई को प्यार नहीं चाहिए। इसके अलावा एक और कहानी है, जो 90 के दशक में घट रही है। दोनों ही प्यार की स्टोरी अपने मुकाम तक पहुंच पाती है या नहीं, यह जानने के लिए आपको फ़िल्म देखनी होगी।
नेटफ्लिक्स पर क्या है नया
लव आज कल के अलावा हाल ही में नेटफ्लिक्स पर हिंदी और अंग्रेजी में कई शानदार कंटेंट आए हैं। हिंदी में वेब सीरीज़ हसमुख रिलीज़ हुई है। वीर दास स्टारर इस वेब सीरीज़ में रवि किशन, मनोज पावा और रणवीर शौरी अहम भूमिका हैं। वहीं, इसके अलावा अंग्रेजी की नई वेब सीरीज नेवर आई हेवर सीरीज़ रिलीज़ हुई है। इनके अलावा मनी हाइस्ट भी खूब सुर्खियां बटोरी रही है।