अभिषेक बच्चन और अमित साध अभिनीत 'ब्रीद- इन टू द शैडोज़' के नये सीज़न का एलान, जानिए कब होगा रिलीज़
Breathe In To The Shadows New Season यह क्राइम ड्रामा थ्रिलर सीरीज़ है। पहला सीज़न पिछले साल जुलाई में आया था जिसमें 12 एपिसोड्स थे। अभिषेक बच्चन का यह डिजिटल डेब्यू था। शो में उन्होंने मास्क्ड मैन और डॉ. अविनाश सभरवाल की दोहरी भूमिका निभायी थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। अमेज़न प्राइम वीडियो ने अपने बेहद लोकप्रिय शो ब्रीद- इन टू द शैडोज़ (Breathe- In To The Shadows) के नये सीज़न की घोषणा कर दी है। इस सीज़न में भी अभिषेक बच्चन, अमित साध, नित्या मेनन और संयमी खेर मुख्य किरदारों में नज़र आएंगे। प्राइम ने बुधवार को सोशल मीडिया के ज़रिए जानकारी साझा की। एनाउंसमेंट पोस्ट में बताया गया है कि नया सीज़न 2022 में रिलीज़ होगा।
ब्रीद- इन टू द शैडोज़ क्राइम ड्रामा थ्रिलर सीरीज़ है। पहला सीज़न पिछले साल जुलाई में आया था, जिसमें 12 एपिसोड्स थे। अभिषेक बच्चन का यह डिजिटल डेब्यू था। शो में उन्होंने मास्क्ड मैन और डॉ. अविनाश सभरवाल की दोहरी भूमिका निभायी थी। अभिषेक के किरदार को मल्टीपल पर्सनैलिटी डिसऑर्डर का शिकार दिखाया गया था। शो का निर्देशन मयंक शर्मा ने किया था, जबकि स्क्रीनप्ले भवाना अय्यर, विक्रम टुली और मयंक शर्मा का था।
View this post on Instagram
ब्रीद शीर्षक से पहली वेब सीरीज़ 2018 में प्राइम पर आयी थी, जिसमें आर माधवन और अमित साध मुख्य भूमिकाओं में थे। यह शो काफ़ी पसंद किया गया था। ब्रीद, शीर्षक को नई कहानी के साथ आगे बढ़ाया गया और अभिषेक बच्चन की एंट्री हुई। इस बार नवीन कस्तूरिया ने मुख्य स्टार कास्ट को ज्वाइन किया है। शो का प्रोडक्शन दिल्ली और मुंबई में शुरू हो चुका है। कुछ दिन पहले अभिषेक ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसका ज़िक्र किया था, मगर फिर वो पोस्ट डिलीट कर दी थी।
View this post on Instagram
अभिषेक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काफ़ी सक्रिय हो चुके हैं। पिछले साल ब्रीद के अलावा जूनियर बच्चन नेटफ्लिक्स की फ़िल्म लूडो में भी नज़र आये थे। इसके बाद इसी साल उनकी फ़िल्म द बिग बुल डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज़ हुई थी। अभिषेक बॉब बिस्वास और दसवीं की शूटिंग पूरी कर चुके हैं। दोनों फ़िल्में अगले साल सिनेमाघरों रिलीज़ होने की सम्भावना है। थिएटर्स में अभिषेक की आख़िरी फ़िल्म मनमर्ज़िया रिलीज़ हुई थी, जो 2018 में आयी थी। इस फ़िल्म में तापसी पन्नू और विक्की कौशल ने अभिषेक के साथ मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं।