अक्षय कुमार समेत ये बॉलीवुड स्टार्स रखेंगे डिजिटल दुनिया में कदम, अब मोबाइल पर मचेगा धमाल
आने वाले समय में वेब सीरीज़ के जरिए कई बड़े बॉलीवुड एक्टर्स और एक्ट्रेसेस़ डिजिटल वर्ल्ड में कदम रखने वाले हैं। आइए जानते हैं...
नई दिल्ली, जेएनएन। बड़े पर्दे और टीवी के बाद अब डिजिटल दुनिया (ओटीटी कटेंट) की ओर सबका झुकाव बढ़ रहा है। सिर्फ फैंस ही नहीं, अब धीरे-धीरे बॉलीवुड एक्टर्स और एक्ट्रेसेज़ भी मोबाइल स्क्रीन पर धमक बढ़ा रहे हैं। आने वाले समय में कई बड़े एक्टर्स और एक्ट्रेसेज़ अपना डिजिटल डेब्यू करने वाले हैं। ऐसे में फैंस को शानदार कटेंट के साथ ही साथ अपने पसंदीदा स्टार को भी देखने का मौका मिलेगा। हालांकि, पंकज त्रिपाठी और हुमा क़ुरैशी जैसे कई स्टार डिजिटल दुनिया में लगातार शानदार काम रहे हैं।
1. अक्षय कुमार- फ़िल्मों में धमाल मचा रहे अक्षय कुमार जल्द ही वेब दुनिया में इंट्री करेंगे। मार्च, 2019 में उन्होंने डिजिटल डेब्यू की घोषणा की थी। वह अपना डिजिटल डेब्यू अमेज़ॉन प्राइम की वेब सीरीज़ 'द एंड' के साथ करेंगे। यह एक थ्रिलर एक्शन सीरीज़ होगी।
2. मनोज बाजपेयी- अमेज़ॉन प्राइम वीडियो पर आने वाली वेब सीरीज़ 'द फैमिली मैन' के जरिए मनोज बाजपेयी अपना डिजिटल डेब्यू करने जा रहे हैं। यह सीरीज़ एक मिडिल क्लास मैन की कहानी है, जो स्पेशल एजेंट है। मनोज के सीरीज़ का फैंस को बेसब्री से इंतज़ार है।
3. अभिषेक बच्चन- फ़िल्मों में कुछ खास न कर पाने वाले अभिषेक बच्चन भी जल्द अपना डिजिटस डेब्यू करने वाले हैं। इसके लिए उन्होंने अमेज़ॉन प्राइम की फ्रेंचाइजी 'ब्रीद' को चुना है। साल 2018 में आई इस वेब सीरीज़ को क्रिटिक्स और फैंस दोनों ने सराहा था। अमित साध और आर. माधवन की एक्टिंग ने साधरण-सी कहानी में जान फूंक दी थी। अब इसके दूसरे सीज़न में अभिषेक बच्चन नज़र आएंगे। अमेज़ॉन प्राइम ने इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी है।
4. संयमी खेर- अभिषेक बच्चन के साथ ही 'ब्रीद सीज़न 2' के जरिए संयमी खेर भी डिजिटल दुनिया में कदम रख रही हैं। संयमी इससे पहले ओम प्रकाश मेहरा की मिर्ज़िया कर चुकी हैं, जिसमें उनके साथ लीड रोल में अनिल कपूर के बेटे हर्षवर्धन कपूर थे।
5. इमरान हाशमी- नेटफ्लिक्स 27 सितंबर, 2019 को एक नई वेब सीरीज़ रिलीज़ कर रहा है। नाम है 'बॉर्ड ऑफ बल्ड'। इस वेब सीरीज़ में इमरान हाशमी लीड रोल में हैं। यह उनका डिजिटल डेब्यू होगा। इमरान इससे पहले बड़े पर्दे पर खुद को साबित कर चुके हैं।
शाह रुख़ ख़ान भी वेब वर्ल्ड में इंट्री कर रहे हैं, लेकिन वह इस बार पर्दे के पीछे हैं। जी हां, 27 सितंबर को रिलीज़ हो रही वेब सीरीज़ 'बॉर्ड ऑफ बल्ड' को शाह रुख़ ही प्रोड्यूस कर रहे हैं। इनके अलावा आने वाले समय में कई और बॉलीवुड एक्टर्स और एक्ट्रेसेस़ आपको वेब दुनिया में कदम रखते दिख सकते हैं। इसमें विद्या बालन की आने की भी चर्चाएं हैं।