'रूद्र' बनकर ओटीटी पर तहलका मचाने आ रहे हैं 'सिंघम' अजय देवगन, आने वाला है डेब्यू वेब सीरीज का ट्रेलर
अजय देवगन की डेब्यू वेब सीरीज रूद्र- द ऐज ऑफ डार्कनेस ब्रिटिश सीरीज का भारतीय रूपांतरण है। यह सीरीज बीबीसी वन पर प्रसारित हुई थी। सिंघम के रूप में मशहूर अजय इस बार रूद्र के अलग अवतार में दिखेंगे।
नई दिल्ली, जेएनएन। साल 2022 ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के लिए बेहद खास रहने वाला है। कई बड़े बॉलीवुड सितारे इस साल ओटीटी की जमीन पर उतरेंगे, जिनमें अजय देवगन भी शामिल हैं। सिनेमा के सिंघम अजय डिज्नी प्लस हॉटस्टार की वेब सीरीज रूद्र- द ऐज ऑफ डार्कनेस (Rudra- The Edge Of Darkness) से ओटीटी डेब्यू कर रहे हैं और अब इस सीरीज को रिलीज करने की तैयारियां शुरू हो गयी हैं, जिसके तहत सबसे पहले ट्रेलर के साथ रिलीज की तारीख का एलान किया जाएगा।
डिज्नी प्लस हॉटस्टार के मुताबिक रूद्र का ट्रेलर शनिवार को रिलीज किया जाएगा। प्लेटफॉर्म ने इसकी सूचना अजय देवगन के लुक के साथ जारी एक पोस्टर के जरिए दी है। इस सीरीज में अजय के साथ एशा देओल, राशि खन्ना, अश्विनी कालसेकर, अतुल कुलकर्णी, आशीष विद्यार्थी, मिलिंद गुणाजी और लूक केनी अहम किरदारों में नजर आएंगे। डिज्नी प्लस हॉटस्टार के साथ अजय ने इस वेब सीरीज का एलान पिछले साल 20 अप्रैल को एक टीजर के साथ किया था।
अजय इस सीरीज में एक अंडर कवर पुलिस अफसर के किरदार में नजर आएंगे, जो उनके अब तक के कॉप अवतारों से अलग होगा। सीरीज को मुंबई की आइकॉनिक लोकेशंस पर शूट किया गया है। इस सीरीज का निर्माण अप्लॉज एंटरटेनमेंट और बीबीसी स्टूडियोज ने मिलकर किया है।
View this post on Instagram
ब्रिटिश सीरीज का भारतीय अडेप्टेशन
अजय की डिजिटल डेब्यू वेब सीरीज ब्रिटिश साइकोलॉजिकल क्राइम ड्रामा सीरीज लूथर (Luther) का भारतीय रूपांतरण है। नील क्रॉस रचित सीरीज में इदरिस एल्बा ने डीसीआई जॉन लूथर का रोल निभाया था। इदरिस अंडरकवर पुलिस ऑफिसर के किरदार में थे। एलिस मोर्गन रूथ विल्सन के रोल में थीं। 2010 से 2019 के बीच इस शो के 5 सीजन आ चुके हैं। पहले सीजन में 6 एपिसोड्स थे। बीबीसी वन पर इसका प्रसारण हुआ था। अब देखना है कि भारतीय रूपांतरण के पहले सीजन में कितने एपिसोड रखे जाते हैं। हॉटस्टार इससे पहले ब्रिटिश सीरीज डॉक्टर फॉस्टर का इंडियन अडेप्टेशन आउट ऑफ लव और क्रिमिनल जस्टिल का इसी टाइटल से भारतीय रूपांतरण ला चुका है।
वैसे बतौर निर्माता अजय त्रिभंग से ओटीटी डेब्यू कर चुके हैं, जो नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी और इस साल उनके प्रोडक्शन में बनी वेब सीरीज द ग्रेट इंडियन मर्डर डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर आने वाली है। अजय की पिछली फिल्म भुज- द प्राइड ऑफ इंडिया भी डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर स्ट्रीम हुई थी।