‘मुझे रातोंरात क्रिमिनल बना दिया गया...’ दुष्कर्म के आरोपों पर आखिरकार सामने आए पर्ल वी पुरी, लिखा ये पोस्ट
पर्ल वी पुरी इन दिनों एक बहुत मुश्किल वक्त से गुज़र रहे हैं। कुछ दिन पहले पर्ल को नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पर्ल पर आरोप था कि उन्होंने नाबागिग को इंडस्ट्री में काम दिलवाने के बहाने उसके साथ दुष्कर्म किया।
नई दिल्ली, जेएनएन। फेमस टीवी एक्टर पर्ल वी पुरी इन दिनों एक बहुत मुश्किल वक्त से गुज़र रहे हैं। कुछ दिन पहले पर्ल को नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पर्ल पर आरोप था कि उन्होंने नाबालिग को इंडस्ट्री में काम दिलवाने के बहाने उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के बाद एक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। पर्ल को 4 जून को पुलिस ने POCSO Act के तहत अरेस्ट किया था। हालांकि, 14 दिन की अवधि पूरी होने से पहले ही एक्टर को बेल मिल गई और वो बाहर आ गए।
बाहर आने के बाद पर्ल पूरी तरह खामोश रहे। न एक्टर कहीं नज़र आए और न ही उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर कोई हलचल हुई। लेकिन अब रिहा होने के 13 दिन बाद पर्ल ने अपने इंस्टाग्राम पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट में उन्होंने अपना दर्द बयां किया है और बताया है कि पिछले कुछ दिन उनके लिए कितने मुश्किल भरे रहे। इसी के साथ एक्टर ने उन लोगों को धन्यवाद भी कहा है, जिन्होंने इस दौरान लगातार उनका सपोर्ट किया।
पर्ल ने अपने पोस्ट में लिखा है, ‘लोगों को आज़माने का ज़िदगी का अपना ही तरीका है। कुछ महीने पहले मैंने अपनी नानी मां को खो दिया। उनके जाने के 17 दिन बाद मेरे पापा गुज़र गए। फिर मुझे पता चला कि मेरी मां को कैंसर है और फिर ये भयंकर आरोप। पिछले कुछ हफ्ते मेरे लिए किसी बुरे सपने की तरह रहे हैं। रातोंरात मुझे क्रिमिनल जैसा महसूस करवाया गया। ये सब मेरी मां के कैंसर ट्रीटमेंट के बीच हो रहा था। इस सबने मेरी सुरक्षा की भावना को हिलाकर रख दिया, मैं बहुत असहाय महसूस कर रहा था। मैं अब भी सदमे में हूं। लेकिन मैंने महसूस किया कि ये सही वक्त है अपने दोस्तों, फैंस और चाहने वालों तक पहुंचने का, जिन्होंने इतना सपोर्ट किया, प्यार दिया परवाह की। मुझपर भरोसा रखने के लिए शुक्रिया। #सत्यमेवजयते पर अभी भी मेरा अटूट विश्वास है। मैं अपने देश के कानून और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा करता हूं और भगवान है यहां। प्लीज़ अपनी दुआओं को आने दीजिए’। आपको बता दें एकता कपूर, दिव्या खोसला कुमार, अनीता हसनंदानी, अली गोनी, करिश्मा तन्ना जैसे तमाम सेलेब्स ने पर्ल वी पुरी का सपोर्ट किया था।