Nayi Soch On DD Kisan: 'नई सोच' में दामिनी का किरदार निभा रही हैं सीआईडी फेम ऋषिका सिंह
Nayi Soch On DD Kisan मूल रूप से बिहार की रहने वाली ऋषिका लंबे समय से मुंबई में रह रही हैं और वो इससे पहले ‘कलेक्टर बहू’ ‘सीआईडी’ जैसे कई शो में नजर आ चुकी हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। 10 अगस्त (सोमवार) से दूरदर्शन के डीडी किसान चैनल पर एक नया कार्यक्रम 'नई सोच' का आगाज़ हो रहा है। यह कार्यक्रम सोमवार से शुक्रवार रोज़ रात को 9:30 बजे प्रसारित किया जायेगा। शो में टीवी और फ़िल्म एक्ट्रेस ऋषिका सिंह लीड रोल में हैं। ऋषिका दामिनी का किरदार निभा रही हैं।
कोरोना संकट के बाद बदले माहौल में शूटिंग कर रहीं ऋषिका शो ‘नई सोच’ को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के जरिए सरकार की योजनाओं को ड्रैमेटिक तरीके से दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश है। शो में वो एक चाय बेचने वाले की बेटी बनी हैं जो पढ़-लिख कर गांव और किसानों की मदद कर रही है और आगे चलकर शो में वो सरपंच भी बनती हैं, ताकि वो अपने गांव का विकास कर सके।
डीडी किसान पर आज रात 9:30 बजे देखिये विशेष धारावाहिक ‘नई सोच’। यह ऐसा काल्पनिक ड्रामा है जो हमारे कृषि प्रधान भारत की जिंदगी के इर्द-गिर्द घूमता है। इस कार्यक्रम में किसानों के उत्थान के लिए सरकार द्वारा लागू योजनाओं की जानकारी भी दी जाती है। pic.twitter.com/JSTX3wF8lg— Doordarshan Kisan (@DDKisanChannel) August 10, 2020
अपने किरदार की तैयारी के बारे में बात करते हुए ऋषिका ने बताया कि शुरू के दस दिन उन्हें थोड़ी मुश्किल आई, क्योंकि स्क्रिप्ट की भाषा कुछ ऐसी थी कि उसका उच्चारण आम बोल-चाल की तरह नहीं था, लेकिन बाद में वो इसमें ऐसे रमीं कि सब कुछ आसान होता गया।
ऋषिका ने आगे बताया कि इस शो के जरिए उन्होंने गांवों और किसानों की ज़िंदगी को बहुत ही करीब से समझा है। शूट ख़त्म होने के बाद ऋषिका कुछ दिन गांव में किसानों के साथ रहकर उन्हें उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करने की मुहिम से जुड़ना चाहती हैं।
मूल रूप से बिहार की रहने वाली ऋषिका लंबे समय से मुंबई में रह रही हैं और वो इससे पहले ‘कलेक्टर बहू’, ‘सीआईडी’ जैसे कई शो में नजर आ चुकी हैं। मेहनत और लगन से उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। कई टीवी विज्ञापनों में भी काम कर चुकी ऋषिका का अगला पड़ाव बड़ा पर्दा है और वो इस राह में तेजी से आगे बढ़ रही हैं।