KBC Throwback: क्या आप जानते हैं- इस सवाल का जवाब देकर इस शख्स ने पहली बार जीते थे एक करोड़ रुपये
KBC Throwback जानिए उस शख्स के बारे में जिसने पहली बार केबीसी में एक करोड़ रुपये जीते थे। उस सवाल के बारे में भी जानिए जिसका सही जवाब देकर यह रकम हासिल की थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। KBC Throwback: कोरोना काल के बाद एक बार फिर टीवी भूतकाल से निकलकर नए दौर में लौट आया है। बिग बॉस और कौन बनेगा करोड़पति जैसे शोज़ भी शुरू होने वाले हैं। अमिताभ बच्चन ने भी कोरोना वायरस से जंग जीतकर शो की शूटिंग शुरू कर दी है। हालांकि, एक दौर था जब अमिताभ अपने करियर में उतार-चढ़ाव देख रहे थे, उस दौर में केबीसी ने उनके लिए सबकुछ बदल दिया। अमिताभ बच्चन के साथ-साथ इस शो ने कई प्रतिभागियों के जीवन को भी बदल दिया। शो के शुरुआत में सबसे बड़ी इनामी राशि एक करोड़ रुपये थी। क्या आपको याद है कि पहली बार किसने यह प्राइज मनी हासिल की थी। आइए जानते हैं...
हर्षवर्धन नवाथे ने दिया था इस सवाल का जवाब
साल 2000 में केबीसी का पहला सीज़न आया। पहले ही सीज़न में ही हर्षवर्धन नवाथे हीरो बनकर उभरे थे। उन्होंने सबसे बड़ी इनामी राशि एक करोड़ रुपये जीते। एक करोड़ के लिए उनसे सवाल पूछा गया था कि भारतीय संविधान किसे संसद की कार्यवाही में भाग लेने की मंजूरी देता है। इस पर हर्षवर्धन ने अटॉनी जनरल का जवाब देकर एक करोड़ रुपये जीत लिया था।
इसे भी पढ़िए- KBC में पांच करोड़ जीतने वाले सुशील कुमार ने बताया- कैसे इसके बाद शुरू हुई बर्बादी
अभी क्या कर रहे हैं हर्षवर्धन
जब शो में हर्षवर्धन की एंट्री हुई थी, तब वह सिविल सर्विस एग्जाम की तैयारी कर रहे थे। एक साल पहले उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि जीतने के बाद उन्हें काफी फेम मिला। इसके चलते पढ़ाई कुछ समय के लिए छूट गई। इसके बाद हर्षवर्धन ने विदेश जाकर पढ़ने का प्लान बनाया। वह सफ़ल हुए और अमेरिका से एमबीए किया। फिलहाल, वह महाराष्ट्र में रहते हैं। यहीं, वह महिंद्रा एंड महिंद्रा में काम करते हैं।
कब शुरू होगा नया सीज़न
अमिताभ बच्चन ने हाल ही में अपनी कुछ तस्वीरें साझा की थीं। इसमें वह पूरी सुरक्षा के साथ शूटिंग कर रहे हैं। इससे जुड़ा एक प्रोमो भी जारी किया गया है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक यह नहीं बताया है कि 12वां सीज़न कब ऑन एयर किया जाएगा।