KBC 2020: सीजन की पहली करोड़पति बनीं नाज़िया, अब करेंगी 7 करोड़ के सवाल का सामना!
KBC 2020 रांची की रहने वाली नाज़िया नसीम ने शो के होस्ट अमिताभ बच्चन की ओर से पूछे गए 1 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब दिया और 1 करोड़ रुपये जीत लिए। अब नाज़िया 7 करोड़ के सवाल का सामना करेंगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। कौन बनेगा करोड़पति का 12वां सीजन भी लोगों को काफी पसंद आ रहा है। इस सीजन में भी कई कंटेस्टेंट्स ने लाखों रुपये जीत लिए हैं और अब सीजन को पहला करोड़पति भी मिल गया है। दरअसल, रांची की रहने वाली नाज़िया नसीम ने शो के होस्ट अमिताभ बच्चन की ओर से पूछे गए 1 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब दिया और 1 करोड़ रुपये जीत लिए। अब नाज़िया 7 करोड़ के सवाल का सामना करेंगी और अगर वो इस सवाल का सही जवाब दे पाती हैं तो वो केबीसी की पहली ऐसी महिला होंगी, जिन्होंने 7 करोड़ रुपये की धनराशि जाती है।
सोनी टीवी की ओर से शेयर किए गए एक प्रोमो में दिखाया गया है कि अमिताभ बच्चन अपने सिग्नेचर अंदाज में कंटेस्टेंट के एक करोड़ रुपये जीतने का ऐलान कर रहे हैं। वहीं, हॉट सीट पर उनके साथ बैठी हैं रांची की रहने वाली नाज़िया। बताया जा रहा है कि नाज़िया ने जिस सवाल का जवाब देकर 1 करोड़ रुपये जीते हैं, वो एंटरटेनमेंट से ही जुड़ा हुआ था। अभी इस एपिसोड का प्रसारण नहीं हुआ है और शो का प्रसारण 10 और 11 नवंबर को होना है। सोनी टीवी की ओर से जारी किए गए प्रोमो में इसकी जानकारी दी गई है।
बता दें कि नाज़िया नाजिया का मायका डोरंडा में है और उनकी ससुराल भिलाई छत्तीसगढ़ में है। इस समय वह अपने पति के साथ दिल्ली में रह रहीं हैं। वहीं, उनके पिता सेवानिवृत अधिकारी हैं और मां बुटिक चलाती हैं। नाज़िया अपने पति के साथ दिल्ली में रहती हैं। नाज़िया खुद भी जॉब करती हैं।
\
नाज़िया इस सीजन की पहली करोड़पति होंगी और इससे पहले भी इस सीजन में दो कंटेस्टेंट ने 1 करोड़ के सवाल का सामना किया था, लेकिन वो सही जवाब नहीं दे पाए थे और उन्होंने क्विट कर दिया था। अब नाज़िया ने 1 करोड़ के सवाल का सही जवाब दे दिया है। अब देखना है कि नाज़िया 7 करोड़ रुपये के सवाल का सही दे पाती हैं या नहीं। साथ ही लोग इंतजार कर रहे हैं उस सवाल का, जिसका जवाब देकर नाज़िया ने इतनी धनराशि जीती है।