KBC 12: केबीसी में 'मनु स्मृति' के सवाल पर बवाल, विवेक अग्निहोत्री ने कहा- कम्युनिस्टों ने कर लिया है हाईजैक
KBC 2020 मनु स्मृति को लेकर पूछे गए इस सवाल पर एक फ़िल्म मेकर विवेक अग्निहोत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि शो पर कम्युनिस्टों का कब्जा हो गया है। सोशल मीडिया पर भी गुस्सा देखने को मिल रहा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। KBC 2020: कौन बनेगा करोड़पति (Kaun Banega Crorepati) का 12वां सीज़न विवादों में घिरता नज़र आ रहा है। अमिताभ बच्चन होस्टेड इस शो के एक सवाल को लेकर सोशल मीडिया से लेकर जमीन तक बवाल मच गया है। 'मनु स्मृति' को लेकर पूछे गए इस सवाल पर एक फ़िल्म मेकर विवेक अग्निहोत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि शो पर कम्युनिस्टों का कब्जा हो गया है।
फ़िल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में केबीसी 12 के एक सवाल का क्लिप है। शुक्रवार रात प्रसारित कर्मवीर स्पेशल एपिसोड में अमिताभ बच्चन ने मनु स्मृति से जुड़ा सवाल पूछा। जैसा वीडियो में दिखाया गया है, सवाल है- 25 दिसंबर 1927 को डॉ. बी. आर. आंबेडकर और उनके अनुयायियों ने किस धर्मग्रंथ की प्रतियां जलाई थीं?। इसके लिए चार विकल्प दिए गए- A) विष्णु पुराण B) भगवत गीता C) ऋग्वेद D) मनु स्मृति। प्रतिभागी मनु स्मृति के विकल्प को चुनता है और वह जवाब सही निकलता है।
KBC has been hijacked by Commies. Innocent kids, learn this is how cultural wars are win. It’s called coding. pic.twitter.com/uR1dUeUAvH— Vivek Ranjan Agnihotri (@vivekagnihotri) October 31, 2020
इस वीडियो को साझा करते हुए विवेक अग्निहोत्री ने लिखा- 'केबीसी को कम्युनिस्टों ने हाईजैक कर लिया है। मासूम बच्चे यह सीखें कि कल्चरल वॉर कैसे जीतना है। इसे कोडिंग कहते हैं।' विवके अलावा कई और यूजर्स भी इस पर सवाल पूछ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि इस ऑप्शन में सिर्फ एक धर्म विशेष की पुस्तकों का जिक्र किया गया है। जो गलत है।
वहीं, केबीसी को इस सवाल को लेकर और भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। लखनऊ में अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष ऋषि कुमार त्रिवेदी ने शो के खिलाफ़ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने सवाल को बेहद आपत्तिजनक है और समाज में जातिगत मतभेद फैलाने वाला बताया है। गौरतलब है कि इससे पहले केबीसी 11 में भी कुछ सवालों को लेकर आपत्ति जताई गई थी। तब चैनल ने इस पर अपनी माफ़ी मांग ली थी।