Karanvir Bohra और टीजे सिद्धू के घर आने वाला है नन्हा मेहमान, इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर कर किया एलान
Karanvir Bohra और टीजे ने 2006 में शादी की थी। दोनों के जुड़वां बच्चे हैं। इस नई ख़ुशी के लिए करण और टीजे को दोस्तों और साथी कलाकारों की बधाइयांं मिल रही हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। टीवी एक्टर करणवीर बोहरा और टीजे सिद्धू तीसरा बच्चा एक्सपेक्ट कर रहे हैं। करणवीर ने अपने जन्मदिन पर इस ख़ुशख़बरी को अपने फैंस के साथ साझा किया। इंस्टाग्राम पर करणवीर ने पत्नी टीजे के साथ दो तस्वीरें पोस्ट कीं। इन तस्वीरें एक फोटोशूट का हिस्सा हैं, जिनमें करणवीर और टीजे मिट्टी से एक बच्चे की आकृति बना रहे हैं।
इन तस्वीरों के साथ करणवीर ने लिखा- बच्चे इस दुनिया में हमारे ज़रिए आते हैं, लेकिन इसकी योजना भगवान बनाता है। वो महान क्रिएटर है, जो हर एक बारीक डिटेल बनाता है। हम ऐसा बर्तन हैं, जिसे वो भरता है। इस सरप्राइज़ के लिए शुक्रिया। हम लोग कृतज्ञ हैं कि उसने हमें एक बार फिर माता-पिता बनने के लिए चुना। छोटी सी रूह के लिए बहुत प्यार। सबसे अच्छा जन्मदिन का तोहफ़ा। करणवीर 28 अगस्त को 37वां जन्मदिन मना रहे हैं।
टीजे ने भी तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें उनका बेबी बंप नज़र आ रहा है। टीजे ने इसके साथ लिखा- इतने सारे आशीर्वादों के बीच हमें एक और मिल रहा है। इस दया और सम्मान के लिए ऊपर वाले का लाख लाख शुक्र है। हम उसमें यक़ीन करके आगे बढ़ते जाते हैं। और जो नन्हा मेहमान आने वाला है.. मैं जानती हूं कि हर एक रूह का एक मक़सद होता है। तुमने हमें चुना है। हम तुम्हारे लायक हैं, यह यक़ीन करने के लिए शुक्रिया मेरे प्यारे।
इस नई ख़ुशी के लिए करण और टीजे को दोस्तों और साथी कलाकारों की बधाइयांं मिल रही हैं। श्रुति सेठी, समीरा रेड्डी समेत कई लोगों ने बधाई दी है। करणवीर और टीजे ने 2006 में शादी की थी। 2016 में दोनों के जुड़वां बच्चों ने जन्म लिया था।
हाल ही में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने भी ख़ुशख़बरी शेयर की थी कि 2021 के जनवरी महीने में वो माता-पिता बनने वाले हैं।