Coronavirus Lockdown: 42 फीसदी बढ़े टीवी के दर्शक, जानें- लोग सबसे ज्यादा क्या देख रहे हैं?
Coronavirus Lockdown कोरोना वायरस की वजह से हुए लॉकडाउन से टीवी के दर्शकों में इजाफा हो गया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। पूरे देश में कोरोना वायरस की वजह से लॉकडाउन का ऐलान किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐलान के बाद लोग घरों में पैक हैं और घर में मनोरंजन के रास्ते ढूंढ रहे हैं। लॉकडाउन में कई परिवारों के मनोरंजन का साधन सिर्फ टीवी ही है और इस वजह से टीवी की व्यूवरशिप में काफी इजाफा हो गया है। लॉकडाउन से भले ही एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को काफी नुकसान हो रहा है, लेकिन टीवी की व्यूवरशिप लगातार बढ़ती जा रही है और इसमें काफी इजाफा देखा गया है।
क्या देखा जा रहा है?
मुंबई मिरर की एक रिपोर्ट के अनुसार, टीवी ट्रेकिंग एक्सपर्ट शैलेश कुमार ने बताया है कि टीवी व्यूवरशिप में करीब 42 फीसदी का इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया, 'न्यूज और फिल्म चैनल्स में काफी ग्रोथ हुई है। वहीं, जनरल एंटरटेनमेंट चैनल्स के दर्शकों में ज्यादा इजाफा नहीं हुआ है, क्योंकि अभी वो ऑरिजनल कंटेंट नहीं चला रहे हैं। अगर ओवरऑल इंट्रेस्ट की बात करें तो अभी सबसे ज्यादा फिल्म के दर्शक काफी ज्यादा बढ़ रहे हैं।
फिल्मों के दर्शकों बढ़ने का साथी ही सोनी मैक्स, स्टार गोल्ड और ज़ी सिनेमा जैसे चैनलों को काफी फायदा हो रहा है। शैलेश कुमार ने यह भी बताया कि स्टार गोल्ड को रितिक रोशन और टाइगर श्रॉफ स्टारर फिल्म वॉर के प्रसारण से काफी फायदा मिला, जिसका प्रसारण जनता कर्फ्यू के दिन किया गया था। इसके अलावा इसी दिन दीपिका पादुकोण स्टारर फिल्म छपाक का टेलीकास्ट स्टार प्लस प किया गया था, जिसका काफी फायदा मिला। इसके अलावा इन दिनों टीवी पर हम साथ साथ हैं, हाउसफुल-4 जैसी कई फिल्में दिखाई गई हैं।
वहीं, अगर टीवी शो की बात करें तो दूरदर्शन पर रामायण, शक्तिमान जैसे पुराने प्रोग्राम वापस आने से चैनल की टीआरपी काफी बढ़ गई है। प्रसार भारत की सीईओ शशि शेखर ने बताया कि सीरियल वापस चलाने से चैनल ने अभी तक सबसे ज्यादा टीआरपी हासिल की है। वहीं कुमकुम भाग्य और कुंडली भाग्य के दर्शक अभी भी बने हुए हैं और सीरीयल को पसंद कर रहे हैं। वहीं, कलर्स पर नागिन-4 और छोटी सरदारनी को पसंद किया जा रहा है जबकि स्टार प्लस पर कसौटी जिंदगी को पसंद किया जा रहा है।