Coronavirus Lockdown में नहीं रुकेगा 'महाराज की जय हो' शो, मेकर्स ने किया है ऐसा इंतज़ाम
Coronavirus Lockdown महाराज की जय हो हल्की-फुल्का विज्ञान कथाओं पर आधारित कॉमेडी शो है। ‘महाराज की जय हो शो को सभी आयु वर्ग के दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस कोविड 19 को लेकर भारत सरकार ने देश में 21 दिनों का लॉकडाउन कर दिया है, जिसकी वजह से सभी लोगों को घरों में रहने की हिदायत दी गयी है और कहा गया है कि बहुत ज़रूरी ना हो तो घरों से ना निकलें। लॉकडाउन का असर फ़िल्म और टीवी इंडस्ट्री पर भी पड़ रहा है। कई टीवी शोज़ की शूटिंग रोक दी गयी है। हालांकि स्टार प्लस के शो महाराज की जय हो के 50 एपिसोड्स की शूटिंग एक साथ पूरी कर ली गयी। आम तौर पर 5-10 से एपिसोड शूट करने का रिवाज़ है। इससे लॉकडाउन के दौरान भी शो बाधित नहीं होगा।
ट्रबल मेकर प्रोडक्शंस ने शो का निर्माण किया है। महाराज की जय हो हल्की-फुल्का विज्ञान कथाओं पर आधारित कॉमेडी शो है। ‘महाराज की जय हो' शो को सभी आयु वर्ग के दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखकर बनाया गया है। शो अपने दर्शकों को हस्तिनापुर की यादों में लेकर जा रहा है, जहां एक आधुनिक व्यक्ति और हस्तिनापुर के लोगों के बीच मज़ेदार इंटरेक्शन देखने को मिल रहा है। शो हर सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे स्टार प्लस पर प्रसारित किया जाएगा। शो में सत्यजीत दुबे, अश्विन मुशरान, रिया शर्मा राजेश कुमार अहम किरदारों में नज़र आ रहे हैं।
शो से सत्यजीत दुबे पूरे 9 साल बाद छोटे पर्दे पर लौट रहे हैं। सत्यजीत को दर्शकों ने संजय दत्त की फ़िल्म प्रस्थानम में उनके बिगड़ैल बेटे के रोल में देखा होगा। राजेश कुमार ने शो में अपने किरदार के लिए 20 किग्रा वेट बढ़ाया है।
वेबसाइट टेली चक्कर के मुताबिक़, चैनल कहां हम कहां तुम शो ख़त्म होने के बाद रात 9 बजे का टाइम स्लॉट राजन शाही के अनुपमा को देने वाला था। अनुपमा के पोस्टपोन होने के बाद चैनल ने तय किया था कि यह रिश्ता क्या कहलाता है एक घंटे के लिए प्रसारित करेंगे। हालांकि बाद में तय हुआ कि 9 से 9.30 बजे के स्लॉट में महाराज की जय हो और 9.30 बजे से यह रिश्ता क्या कहलाता है प्रसारित किया जाएगा।