Coronavirus Lockdown: टीवी शोज़ की शूटिंग बंद तो क्या अब वेब सीरीज़ का होगा प्रसारण? स्टार प्लस ने की शुरुआत
अब तक ऐसा देखने को मिला है कि टीवी पर प्रसारित होने वाले शोज़ को बाद में ऑनलाइन स्ट्रीम किया जाता रहा है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण एचबीओ की सीरीज़ गेम ऑफ़ थ्रोन्स है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Coronavirus Lockdown: कोरोना वायरस की वजह से देश में लॉक डाउन है। इसका असर सभी क्षेत्रों में पड़ रहा है। टीवी की दुनिया पर भी इसका असर काफी गहरा पड़ रहा है। 19 मार्च से टीवी शोज़ की शूटिंग बंद है। इस वजह से चैनल्स के पास नया दिखाने के लिए कुछ ख़ास बचा नहीं है। इस बीच स्टारप्लस ने एक नया फैसला लिया है। चैनल अब ऑनलाइन स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध वेब सीरीज़ को टीवी पर प्रसारित करने जा रहा है।
स्टार प्लस ने अपने ऑफ़िशियल ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया है। इसमें टीवी एक्टर अदिति शर्मा कहती हैं कि कोरोना वायरस की वजह से अब हमारा शो प्रसारित नहीं हो पाएगा। लेकिन आपका एंटरटेनमेंट नहीं रुकेगा। स्टार प्लस पर 'महाराज की जय हो' और 'हॉस्टेज़ेज' का प्रसारण होगा। इसके अलावा 'तानाजी द अनसंग वॉरियर' और 'पंगा' जैसी नई फ़िल्में भी स्ट्रीम की जाएंगी।
Hamara aur aapka rishta atoot hai.. aur iss ghadi mein bhi bana rahega #StayHomeStaySafe #CoronaVirusLockdown #YehhJaduHaiJinnKa@officialaditish @vikram_the_Leo pic.twitter.com/dVflL817d8— StarPlus (@StarPlus) March 30, 2020
आपको बता दें कि 'हॉस्टेजेज' हॉटस्टार की वेब सीरीज़ है। इस सीरीज़ को 31 मई, 2019 को हॉटस्टार वीआईपी पर रिलीज़ किया गया था। यह शो अब भी ऑनलाइन उपलब्ध है। इसमें एक ऐसे डॉक्टर की कहानी दिखाई गई है, जिसके परिवार को कुछ लोगों ने बंधक बना लेते हैं। डॉक्टर को मुख्यमंत्री का ऑपरेशन करना है। उस पर उसकी हत्या का दबाव है। सीरीज़ में रोनित रॉय और टिस्का चोपड़ा मुख्य भूमिका में हैं।
क्या बदलेगा पैटर्न
अब तक ऐसा देखने को मिला है कि टीवी पर प्रसारित होने वाले शोज़ को बाद में ऑनलाइन स्ट्रीम किया जाता रहा है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण एचबीओ की सीरीज़ 'गेम ऑफ़ थ्रोन्स' है। इसे पहले एचबीओ पर प्रसारित किया जाता है, इसके बाद हॉटस्टार पर स्ट्रीम किया जाता है। लॉकडाउन में जब टीवी शोज़ की शूटिंग बंद है, तो हो सकता है वेब सीरीज़ का प्रसारण टीवी पर किया जाए। ऐसा होता है, तो यह एक बदला हुआ पैटर्न होगा। वहीं, टीवी के दर्शकों को बिना ऑनलाइन सब्सक्रिप्शन के शोज़ देखने को मिलेंगे।