CBSE 12th Board Exams पर अनिश्चितता से परेशान एक्ट्रेस अशनूर कौर ने कहा- अंतिम फ़ैसला जल्द हो!
अशनूर ने कहा कि उन्हें कोर्स का रिवीज़न करने के लिए कुछ दिन चाहिए होंगे। 15 दिन देंगे जो मेरे लिए काफ़ी है। अशनूर मुंबई के रायन इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ रही हैं। पढ़ाई में मेधावी अशनूर ने दसवीं की बोर्ड परीक्षा में 93 फीसदी अंक हासिल किये थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस पैनडेमिक के चलते इस साल मनोरंजन इंडस्ट्री की गाड़ी पटरी से उतरी हुई है। वहीं, टीवी एक्ट्रेस अशनूर कौर सीबीएसई की परीक्षाओं की डेट फिक्स ना होने से परेशान हैं। अशनूर इस साल 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं देने वाली हैं, जिसको लेकर अभी काफ़ी अनिश्चतता का आलम है, जिसकी वजह से अशनूर अपने काम को लेकर भी स्पष्ट नहीं हो पा रहीं।
पटियाला बेब्स शो में नज़र आयीं अशनूर ने ईटाइम्स से बातचीत में अपनी दुविधा ज़ाहिर की। एक्ट्रेस ने कहा- इस साल की शुरुआत में मैं अपनी एग्ज़ाम शुरू होने की उम्मीद कर रही थी। सरकार को अंतिम निर्णय जल्द बता देना चाहिए। अगर वो अभी डेट बता देंगे तो हमें तैयारी करने के लिए समय मिल जाएगा। अगर परीक्षाएं नहीं होंगी तो हम आगे की प्लानिंग कर सकते हैं।
अशनूर ने आगे कहा कि कभी पढ़ती हूं तो लगता है कि एग्ज़ाम कैंसिल हो जाएंगे। फिर लगता है कि कुछ और किया जा सकता था। ऐसा भी समय होता है, जब नहीं पढ़ती हूं तो ख़राब लगता है।
अशनूर ने कहा कि उन्हें कोर्स का रिवीज़न करने के लिए कुछ दिन चाहिए होंगे। उन्होंने कहा है कि 15 दिन देंगे, जो मेरे लिए काफ़ी है। अशनूर मुंबई के रायन इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ रही हैं। पढ़ाई में मेधावी अशनूर ने दसवीं की बोर्ड परीक्षा में 93 फीसदी अंक हासिल किये थे। इसके साथ वो अपने एक्टिंग करियर को भी आगे बढ़ा रही हैं। अशनूर ने 5 साल की उम्र में झांसी की रानी शो से छोटे पर्दे पर करियर शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने ना बोले तुम ना मैंने कुछ कहा, साथ निभाना साथिया, देवों के देव महादेव जैसे धारावाहिकों में काम किया। यह रिश्ता क्या कहलाता है में अशनूर ने लीड रोल निभाया। इसके बाद पटियाला बेब्स में भी अशनूर लीड रोल में दिखीं।
संजय दत्त की बायोपिक संजू में अशनूर ने उनकी बहन प्रिया दत्त के बचपन का किरदार निभाया था। इस फ़िल्म में रणबीर कपूर ने संजय दत्त का किरदार प्ले किया था। अभिषेक बच्चन की मनमर्ज़ियां में भी अशनूर एक किरदार में नज़र आयी थीं। अशनूर कुछ म्यूज़िक वीडियोज़ में भी दिख चुकी हैं।