Bigg Boss Love Stories: बिग बॉस के घर की प्रेम कहानियां कितनी सच्ची, कितनी झूठी?
Love Stories in Bigg Boss पारस छाबड़ा और माहिरा शर्मा के बीच नज़दीकियां घर के बाहर भी चर्चा के केंद्र में हैं। इन चर्चाओं से पारस की गर्लफ्रेंड आकांक्षा पुरी प्रभावित हैं।
नई दिल्ली [मनोज वशिष्ठ]। सेलेब्रिटी रिएलिटी शो बिग बॉस टीवी के सबसे विवादित शोज़ में से एक माना जाता है। बिग बॉस के घर में शायद ही कोई दिन ऐसा गुज़रता हो, जब कंटेस्टेंट्स के बीच साजिशों के जाल, जोड़-तोड़ और लड़ाई-झगड़े ना दिखाई देते हैं। मगर, अक्सर ऐसे मौक़े भी आते हैं, जब कड़वाहटों के बीच प्यार के गुल खिल उठते हैं। इन गुलों की महक किसी की ज़िंदगी में बहार लाती है तो किसी की ज़िंदगी में तूफ़ान। इस वजह से सवाल उठता है बिग बॉस के घर की प्रेम कहानी कितनी सच्ची कितनी झूठी।
इस सीज़न में पारस छाबड़ा और माहिरा शर्मा के बीच नज़दीकियां घर के बाहर भी चर्चा के केंद्र में हैं और इन चर्चाओं का असर पारस की रियल लाइफ़ गर्लफ्रेंड आकांक्षा पुरी पर भी पड़ रहा है। इसीलिए हाल ही में जब पारस और माहिरा की नज़दीकियां हद से गुज़रने लगीं तो आकांक्षा को अपनी बात रखने के लिए मीडिया के सामने आना पड़ा। आकांक्षा ने मीडिया से बात करते हुए अपनी नाख़ुशी ज़ाहिर की। हालांकि वो इस मामले में अभी किसी निर्णायक मोड़ पर नहीं पहुंची हैं और पारस के बाहर आने तक पहुंचना भी नहीं चाहतीं।
बिग बॉस के घर में प्यार, बाहर हंगामे
सीज़न 12 में बिहार के नवोदित सिंगर दीपक ठाकुर और सोमी जब क़रीब आने लगे तो इसके चर्चे बाहर होने लगे। ख़बर दीपक के घरवालों तक पहुंची तो पिता की प्रतिक्रिया आयी। उन्होंने इस रिश्ते पर आपत्ति जताई। इसी सीज़न में अनूप जलोटा और जसलीन मथारू की बेमेल जोड़ी ने भी ख़ूब चर्चा बटोरी। शो में एंट्री से पहले गुरु-शिष्या के रूप में प्रचारित इस जोड़ी ने कई रंग बदले। जसलीन के पिता ने इनके रिश्ते पर हैरानी जताई थी, क्योंकि अनूप उनके पुराने परिचितों में शामिल थे। हालांकि घर से बाहर होने के बाद दोनों अपने-अपने रास्ते हो लिये।
सीज़न 11 में आपको याद होगी पुनीश शर्मा और बंदगी कालरा की जुगलबंदी। इन दोनों की लव स्टोरी भी शो को ख़ूब सुर्ख़ियां दिलाती थी। बिग बॉस के घर में इनकी नज़दीकियों ने बाहर बंदगी के घर पर भूचाल ला दिया था। बंदगी के पिता ने मीडिया में आकर दोनों की रिलेशनशिप पर एतराज़ भी जताया था। हालांकि शो के बाद भी पुनीश और बंदगी के बीच रिश्ते अच्छे ही रहे।
सीज़न 10 में मनु पंजाबी और भोजपुरी एक्ट्रेस मोनालिसा के बीच एक अजीब सा रिश्ता रहा। एक-दूसरे का ख्याल रखना, सामने और पीछे सपोर्ट करना। मनु और मोनालिसा के बीच नज़दीकियों ने मोना के बॉयफ्रेंड विक्रम सिंह को इनसिक्योर कर दिया था। विक्रम ने यह स्वीकार भी किया था कि उनके परिवार के लिए शो देखना मुश्किल हो गया है।
सीज़न 7 में ही काजोल की बहन तनीषा और प्रोड्यूसर राजकुमार कोहली के बेटे अरमान कोहली के बीच काफ़ी अतरंगता देखी गयी थी। हालांकि इसे पब्लिसिटी स्टंट करार दिया गया था। उनकी इंटीमेसी की इंटेसिटी को देखकर सलमान ने उन्हें चेतावनी भी दी थी कि अपने व्यवहार को संतुलित रखें क्योंकि कैमरों से कुछ नहीं छिपता। शो के बाद इनकी रिलेशनशिप ख़त्म हो गयी थी। बिग बॉस के इतिहास की सबसे दिलचस्प रिलेशनशिप है गौहर ख़ान और कुशाल टंडन।
सीज़न 7 में इन दोनों के बीच रिलेशनशिप ने ख़ूब फुटेज बटोरा। गौहर के लिए कुशाल ने एंडी के साथ मारपीट की कोशिश भी की थी। जब कुशाल को शो छोड़ने के लिए कहा गया, तो गौहर भी उनके साथ जाने को तैयार हो गयी थीं। एक टास्क के दौरान कुशाल ने गौहर से अपने इज़हारे-इश्क़ किया। शो से निकलने के बाद दोनों क़रीब सालभर रिलेशनशिप में रहे और फिर अलग हो गये।
शादी की मंज़िल तक पहुंचे प्रिंस-युविका
बिग बॉस के इतिहास की सबसे कामयाब रिलेशनशिप प्रिंस नरूला और युविका चौधरी की रही, जो सीज़न 9 में बिग बॉस के क्रेज़ी घर से शुरू होकर शादी के बंधन तक पहुंची। ख़ास बात यह है कि शो में युविका ज़्यादा दिन नहीं रहीं, मगर प्रिंस ने यह शो जीता था। 26वें दिन नरूला ने युविका को प्रपोज़ किया था और 28वें दिन वो इविक्ट हो गयी थीं। यह रिलेशनशिप शो के बाहर जाकर और मज़बूत हुई। पिछले साल अक्टूबर में दोनों ने शादी कर ली।