नई दिल्ली, जेएनएन। कंगना रनोट के अत्याचारी खेल लॉक अप के पहले सीजन में जिसने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं वो थे विनर मुनव्वर फारूकी और कच्चा बादाम फेम अंजलि अरोड़ा। शो में दोनों के बीच की नजदीकियां फैंस को पसंद आईं। सोशल मीडिया पर तो लोगों ने इनके लिए प्यार से हैशटैग भी लिखने शुरू कर दिए थे। उम्मीद की जा रही थी कि लॉक अप के बाहर आने के बाद भी इनका प्यार बरकरार रहेगा।
करीब थे मुनव्वर-अंजलि
लॉक अप के शो के खत्म होते ही मुनव्वर ने ये बोलकर चौंका दिया कि उनकी गर्लफ्रेंड है। इस रिश्ते पर यही फुलस्टॉप लग गया। इन दोनों को कभी साथ नहीं देखा गया और एक साल से तो इनके बीच कोई बातचीत भी नहीं थी। अब एक बार फिर अंजलि और मुनव्वर को साथ देखा गया है। बिग बॉस 16 के रनर अप रह चुके शिव ठाकरे ने हाल ही में एक ग्रैंड पार्टी दी और इन दोनों को इनवाइट किया।
फिर साथ आए नजर
दरअसल, इस दोस्ती का एक और कारण ये हैं कि रोहित शेट्टी के खतरनाक स्टंट बेस्ड रियलिटी शो में शिव, मुनव्वर के जाने की खबरें आ रही थी। अब अंजलि ने भी कन्फर्म किया है कि वो खतरों के खिलाड़ी 13 में जा रही हैं। मतलब ये तीनों जल्द ही खतरों से खेलते नजर आने वाले हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें अंजलि, सौंदर्या शर्मा और शिव ठाकरे के साथ डांस कर रही हैं।
खतरों के खिलाड़ी 13 में भी लेगे भाग
शिव की पार्टी में अंजलि और मुनव्वर की एक भी तस्वीर साथ तो नहीं है लेकिन एक ही पार्टी में मौजूद रहने से फैंस में उम्मीद जरूर जागी है। उन्हें लग रहा है कि खतरों के खिलाड़ी पर जरूर इनके बीच की दूरियां मिट जाएंगी। बता दें कि खतरों के खिलाड़ी 13 की शूटिंग जल्द ही केपटाउन में शुरू होने वाली है।