यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Aankh Micholi: जानें क्या होगी उमेश शुक्ला की फिल्म 'आंख मिचोली' की कहानी
गोल माल(1979) चुपके चुपके (1975) और रंग बिरंगी जैसी फिल्मों के निर्देशक ऋषिकेश मुखर्जी ने पारिवारिक कॉमेडी फिल्मों के लिए ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जेएनएन। गोल माल(1979), चुपके चुपके (1975) और रंग बिरंगी जैसी फिल्मों के निर्देशक ऋषिकेश मुखर्जी ने पारिवारिक कॉमेडी फिल्मों के लिए एक अलग स्तर स्थापित किया। इस तरह का सिनेमा बनाने की चाह रखने वाले कई फिल्मकार उन्हें प्रेरणा मानते हैं। ओह माई गॉड और 102 नॉट आउट जैसी फिल्मों के निर्देशक उमेश शुक्ला भी ऋषिकेश मुखर्जी से खासे प्रभावित हैं। उनका मानना है कि मृणाल ठाकुर और अभिमन्यु दसानी अभिनीत उनकी आगामी फिल्म ‘आंख मिचौली’ भी ऋषिकेश मुखर्जी की फिल्मों की तरह ही लोगों पर प्रभाव छोड़ेगी।
इस फिल्म के बारे में वो बताते हैं, 'आंख मिचौली के पोस्ट प्रोडक्शन का 10-15 दिनों का काम बचा है, जिसे हम जल्द पूरा कर लेंगे। इस फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाए या डिजिटल प्लेटफॉर्म पर, इसको लेकर उलझन अभी भी बरकरार है। फिल्म बनने के बाद देखेंगे कि कहां रिलीज की जाएगी। यह रोमांटिक पारिवारिक कॉमेडी फिल्म हैं, जिसमें पारिवारिक मूल्यों को भी दिखाया गया है। यह ऋषिकेश मुखर्जी की फिल्मों की तरह है।'
‘आंख मिचौली’ में मृणाल ठाकुर और अभिमन्यु के साथ परेश रावल और शरमन जोशी भी मुख्य भूमिका में हैं। हालांकि फिल्म की रिलीज़ डेट के बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं उमेश शुक्ला के निर्देशन में बनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन सफर पर आधारित वेब सीरीज मोदी: सीएम टू पीएम 12 नवंबर को इरोस नाऊ पर रिलीज होगी।
