WAR Box Office Collection Day 30: रितिक-टाइगर का 'वॉर' अभी ख़त्म नहीं हुआ, जानिए 4 हफ़्तों की कमाई
WAR Box Office Collection Day 30 वॉर 2 अक्टूबर को गांधी जयंती की छुट्टी में रिलीज़ हुई थी। फ़िल्म ने पहले हफ़्ते में 238.35 करोड़ का कलेक्शन किया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। रितिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की फ़िल्म वॉर 2019 की सबसे सफल फ़िल्म बन चुकी है। रिलीज़ के चार हफ़्तों बाद वॉर ने एक और उपलब्धि हासिल की है। इसके सिर्फ़ हिंदी वर्ज़न ने 300 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया है। अगर तेलुगु और तमिल भाषाओं के कलेक्शंस भी इसमें शामिल कर दिये जाएं तो फ़िल्म अब तक 314.67 करोड़ बटोर चुकी है। ख़ास बात यह है कि दिवाली पर हाउसफुल 4 जैसी बड़ी फ़िल्म रिलीज़ होने के बावजूद वॉर रेस में बनी हुई है।
चौथे हफ़्ते में वॉर ने 5.32 करोड़ का कलेक्शन किया है। फ़िल्म ने चौथे शुक्रवार को 36 लाख, शनिवार को 66 लाख, रविवार को 69 लाख, सोमवार को 1.11 करोड़, मंगलवार को 96 लाख, बुधवार को 76 लाख और गुरुवार को 60 लाख रुपये जमा किये हैं। चौथे हफ़्ते में फ़िल्म 548 स्क्रींस पर ही चल रही है।
And the #Hindi version of #War hits triple century 🔥🔥🔥... Crosses ₹ 300 cr [#Hindi]... [#Hindi; Week 4] Fri 36 lakhs, Sat 66 lakhs, Sun 69 lakhs, Mon 1.11 cr, Tue 96 lakhs, Wed 76 lakhs, Thu 60 lakhs. Total: ₹ 300.14 cr. Including #Tamil + #Telugu: ₹ 314.67 cr. #India biz.— taran adarsh (@taran_adarsh) November 1, 2019
वॉर 2 अक्टूबर को गांधी जयंती की छुट्टी में रिलीज़ हुई थी। फ़िल्म ने पहले हफ़्ते में 238.35 करोड़ का कलेक्शन किया था। मिड वीक रिलीज़ के कारण वॉर को 9 दिनों का ओपनिंग वीक मिला था। दूसरे हफ़्ते में फ़िल्म ने 49.65 करोड़ बटोरे थे, जबकि तीसरे हफ़्ते में 21.35 करोड़ का कलेक्शन किया था।
सिद्धार्थ आनंद निर्देशित वॉर 2019 की सबसे अधिक कमाई करने वाली फ़िल्म बन चुकी है और ब्लॉकबस्टर स्टेटस हासिल कर चुकी है। 300 करोड़ क्लब में वॉर अब छठे स्थान पर है। इससे आगे आमिर ख़ान की दंगल और पीके, रणबीर कपूर की संजू, सलमान ख़ान की टाइगर ज़िंदा है और बजरंगी भाईजान हैं।
अगर 300 करोड़ क्लब मेें शामिल सभी फ़िल्मों की बात करें तो इसमें कुल आठ फ़िल्में शामिल हैं। इस क्लब में भी सबसे ज़्यादा 3 फ़िल्में सलमान ख़ान की हैं। आमिर की दो फ़िल्में हैं, जबकि रितिक-टाइगर, रणबीर और रणवीर की एक-एक फ़िल्म शामिल हो गयी हैं।