WAR Box Office Collection Day 23: तीन हफ़्तों में ब्लॉकबस्टर हुई 'वॉर', चौथे वीक में 'हाउसफुल 4' समेत 3 फ़िल्मों से टक्कर
WAR Box Office Collection Day 23 आज से वॉर के सामने हाउसफुल 4 मेड इन चाइना और सांड की आंख की चुनौती शुरू हो गयी है। दिवाली वीकेंड में उम्मीद के वॉर के कलेक्शंस फिर बढ़ेंगे।
नई दिल्ली, जेएनएन। रितिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की फ़िल्म वॉर ने सिनेमाघरों में तीन हफ़्तों का सफ़र पूरा कर लिया है। इस दौरान फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर धुआंधार कमाई की और कई नए रिकॉर्ड कायम किये। आज धनतेरस पर फ़िल्म चौथे हफ़्ते में दाख़िल हो गयी है, मगर अब इसकी टक्कर तीन नई फ़िल्मों से होगी।
गुरुवार (24 अक्टूबर) को 1.50 करोड़ के साथ वॉर ने तीन हफ़्ते पूरे कर लिये। इसके साथ 23 दिनों का फ़िल्म कलेक्शन 295 करोड़ हो गया है। तमिल और तेलुगु को मिलाकर यह आंकड़ा 309.35 करोड़ पर पहुंच गया है। वॉर को इस दौरान किसी बड़ी फ़िल्म के रिलीज़ ना होने का भी फ़ायदा मिला। सिर्फ़ प्रियंका चोपड़ा की द स्काई इज़ पिंक 11 अक्टूबर को आयी थी, जो वॉर के सामने ठहर नहीं सकी।
तीसरे हफ़्ते में वॉर के कलेक्शंस में उल्लेखनीय रूप से गिरावट आयी है। तीसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने 2.80 करोड़, शनिवार को 4.35 करोड़ और रविवार को 5.60 करोड़ जमा किये थे। तीसरे सोमवार को 2.10 करोड़, मंगलवार को 1.80 करोड़ और बुधवार को 1.70 करोड़ बटोरे थे।
अगर वॉर के भाषाओं के हिसाब से ब्रेकअप देखें तो हिंदी वर्ज़न से 295 करोड़ मिले, जबकि तमिल और तेलुगु से 14.35 करोड़ तीन हफ़्तों में हासिल किये। 2 अक्टूबर को रिलीज़ हुई वॉर ने पहले हफ़्ते में 238.35 करोड़, दूसरे में 49.65 करोड़ और तीसरे हफ़्ते में 21.35 करोड़ का कलेक्शन किया है।
#War maintained a strong grip in Week 3... Absence of major films proved advantageous... [#Hindi; Week 3] Fri 2.80 cr, Sat 4.35 cr, Sun 5.60 cr, Mon 2.10 cr, Tue 1.80 cr, Wed 1.70 cr, Thu 1.50 cr. Total: ₹ 295 cr. Including #Tamil + #Telugu: ₹ 309.35 cr. #India biz.— taran adarsh (@taran_adarsh) October 25, 2019
आज से वॉर के सामने हाउसफुल 4, मेड इन चाइना और सांड की आंख की चुनौती शुरू हो गयी है। इन चुनौतियों के बावजूद दिवाली वीकेंड में वॉर के कलेक्शंस में कुछ इजाफ़ा होने की सम्भावना है। वॉर 300 करोड़ क्लब में सुल्तान और पद्मावत को पीछे छोड़ चुकी है। अब फ़िल्म सलमान ख़ान की बजरंगी भाईजान के लाइफ़ टाइम कलेक्शन को चेज़ कर रही है, जो 320 करोड़ है। वर्ल्डवाइड फ़िल्म 350 करोड़ से अधिक ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है। सिद्धार्थ आनंद निर्देशित फ़िल्म में वाणी कपूर ने फीमेल लीड रोल निभाया है।