Box Office: पहले दिन 'मौजी' की मौज, 'सुई धागा' के सामने 'पटाख़ा' फुस्स
दोनों फ़िल्में पटाख़ा और सुई धागा, हिंदी सिनेमा में इन दिनों चल रहे कंटेंट के मिशन को आगे बढ़ाती हैं। हालांकि फिल्मों के मिज़ाज की तरह से इनके बॉक्स ऑफिस का अंदाज़ भी जुदा रहा।
मुंबई। इस शुक्रवार दो ऐसी बॉलीवुड फ़िल्में रिलीज़ हुई हैं, जिनकी कहानी और किरदार बिल्कुल देसी हैं और जिनसे अपनी मिट्टी की महक आती है। दोनों फ़िल्में पटाख़ा और सुई धागा, हिंदी सिनेमा में इन दिनों चल रहे कंटेंट के मिशन को आगे बढ़ाती हैं। हालांकि फिल्मों के मिज़ाज की तरह से इनके बॉक्स ऑफिस का अंदाज़ भी जुदा रहा।
शरत कटारिया निर्देशित सुई धागा ने क्रिटिक्स और दर्शकों के दिल जीतने में कामयाबी हासिल की है। ज़्यादातर समीक्षकों ने फ़िल्म को अच्छे मार्क्स दिए, तो दर्शकों ने भी हाथों हाथ लिया, जिसके चलते सुई धागा ने 8.30 करोड़ की ओपनिंग ली है। सुबह के शोज़ में फ़िल्म की रफ़्तार धीमी रही, मगर धीरे-धीरे रफ़्तार पकड़ ली। वीकेंड्स में सुई धागा के बेहतर बिज़नेस करने की उम्मीद है। सुई धागा को दुनिया भर में 3200 स्क्रीनों पर रिलीज किया गया है, जिनमें से 2500 भारत में हैं। वरुण धवन की इस साल ये दूसरी रिलीज है। इससे पहले शूजित सरकार की अक्टूबर में वरुण डेब्यूटेंट बनिता संधू के साथ आए थे।
ये फिल्म क्रिटिक्स की पसंद रही, मगर बॉक्स ऑफिस पर औसत साबित हुई। अलबत्ता वरुण की एक्टिंग को सभी ने खूब सराहा था। हालांकि वरुण की दूसरी फ़िल्मों के मुक़ाबले सुई धागा की ओपनिंग कम रही है। वरुण ने खुद को एक बहुआयामी एक्टर के तौर पर स्थापित कर लिया है। कमर्शियल और नॉन कमर्शियल फिल्मों में वो समान रूप से काम कर रहे हैं और इसमें उन्हें सफलता भी मिल रही है। अगर सोलो लीड रोल वाली वरुण की पिछली फ़िल्मों की बात करें तो उनकी ओपनिंग इस प्रकार रही है-
- अक्टूबर- 5.04 करोड़
- जुड़वा2- 16.10 करोड़
- बद्रीनाथ की दुल्हनिया- 12.25 करोड़
- एबीसीडी2- 14.30 करोड़
- बदलापुर- 7.12 करोड़
पहले विशाल भारद्वाज निर्देशित फ़िल्म पटाख़ा की बात करते हैं। देश में 875 स्क्रींनों पर रिलीज़ हुई फ़िल्म ने पहले दिन महज़ 90 लाख का कलेक्शन किया है। फ़िल्म की ओपनिंग काफ़ी हल्की है, मगर ट्रेड जानकारों को उम्मीद है किवीकेंड पर कमाई के आंकड़ों में इजाफ़ा होगा। हरियाणवी बैकग्राउंड में पटाख़ा दो बहनों की कहानी है, जो एक-दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहातीं। दोनों के बीच टॉम एंड जैरी वाली रिलेशनशिप है। कहानी में दिलचस्प मोड़ तब आता है, जब एक-दूसरे की सूरत से नफ़रत करने वाली दोनों बहनों की शादी इत्तेफ़ाक़ से एक ही घर में हो जाती है। फ़िल्म में दंगल दर्ल सान्या मल्होत्रा और टीवी एक्ट्रेस राधिका मदान ने लीड रोल्स निभाये हैं।सुनील ग्रोवर भी एक अहम किरदार में हैं।