Box Office: टाइगर श्रॉफ की बगावत जारी है, कमाई 150 करोड़ के इतने करीब
फिल्म बाग़ी 2 का ओवरसीज कलेक्शन भी अब 41 करोड़ 76 लाख रूपये हो गया है।
मुंबई। टाइगर श्रॉफ और दिशा पटानी की फिल्म बाग़ी 2 ने घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर दूसरे सप्ताह में भी अच्छी कमाई की है और अब ये फिल्म 150 करोड़ से बस कुछ ही दूरी है।
अहमद खान के निर्देशन में बनी फिल्म बाग़ी 2 ने घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर अपनी रिलीज़ के दो हफ़्ते पूरे करने के साथ यानि इस गुरुवार को दो करोड़ 80 लाख रूपये का कलेक्शन किया। फिल्म का नेट इंडिया कलेक्शन अब 148 करोड़ 45 लाख रूपये हो गया है। बाग़ी 2 ने 25 करोड़ 10 लाख रूपये से शानदार ओपनिंग ली थी। फिल्म ने पहले हफ़्ते में 112 करोड़ 85 लाख रूपये का कलेक्शन किया और दूसरे वीकेंड में 22 करोड़ 50 लाख रूपये का।दूसरा सप्ताह पूरा होने के साथ फिल्म ने 35 करोड़ 60 लाख रूपये की कमाई की है। फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन भी अब 41 करोड़ 76 लाख रूपये हो गया है। सबसे अच्छी बात ये है कि टाइगर श्रॉफ ने अपने एक्शन-स्टंट्स के जरिये दर्शकों के बीच पैठ बनाये रखी है। बाग़ी 2 की रिलीज़ के बाद दूसरे हफ़्ते में भी अच्छी कमाई की रफ़्तार बनाये रखी है। वैसे भी फिल्म बाग़ी 2 साल 2018 की सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्मों में पद्मावत के बाद दूसरे नंबर पर है। इस फिल्म को अभी बॉक्स ऑफ़िस पर किसी बड़ी फिल्म से चुनौती नहीं है क्योंकि इरफ़ान की ब्लैकमेल कमाई के मामले में कुछ ख़ास नहीं कर पाई है। फिल्म ब्लैकमेल ने अब तक 16 करोड़ 92 लाख रूपये का कलेक्शन किया है।
ये टाइगर श्रॉफ के चार साल के छोटे से फिल्मी करियर में 100 करोड़ कमाने वाली पहली फिल्म है। उनकी पहली फिल्म हीरोपंती ने 52 करोड़ 92 लाख रूपये का लाइफ़ टाइम कलेक्शन किया था और दूसरी फिल्म बाग़ी ने 76 करोड़ 34 लाख रूपये की कमाई की थी। उसके बाद आई अ फ़्लाइंग जट ने 38 करोड़ 61 लाख रूपये के साथ फ्लॉप रही जबकि मुन्ना माइकल भी 32 करोड़ 89 लाख रूपये के साथ फिसड्डी निकली। साल 2016 में टाइगर श्रॉफ को लेकर बाग़ी बनाई गई जिसका निर्देशन साबिर खान ने किया था। तब बागी टाइगर के साथ श्रद्धा कपूर थीं। दो साल बाद बाग़ी का दूसरा भाग रिलीज़ हुआ टाइगर श्रॉफ को दिशा पटानी हीरोइन के रूप में मिली हैं। अहमद खान निर्देशन बने हैं और साथ में फिल्म में रणदीप हुडा, मनोज बाजपेई और प्रतीक बब्बर भी अहम् रोल में हैं।
यह भी पढ़ें: Box Office: 10 दिनों में बाग़ी 2 ने इतने कमा लिये कि 150 करोड़ से अब बस...