Move to Jagran APP

Box Office: 'संजू' की दूसरे दिन की कमाई जानकर उछल पड़ेंगे, 100 करोड़ के इतना क़रीब

दूसरे दिन कलेक्शन के लिहाज़ से भी संजू फ़र्स्ट हाफ़ की सबसे बड़ी फ़िल्म बन गयी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड रेस 3 के नाम था...

By Manoj VashisthEdited By: Published: Sun, 01 Jul 2018 11:58 AM (IST)Updated: Mon, 02 Jul 2018 11:49 AM (IST)
Box Office: 'संजू' की दूसरे दिन की कमाई जानकर उछल पड़ेंगे, 100 करोड़ के इतना क़रीब
Box Office: 'संजू' की दूसरे दिन की कमाई जानकर उछल पड़ेंगे, 100 करोड़ के इतना क़रीब

मुंबई। रणबीर कपूर की फ़िल्म संजू बॉक्स ऑफ़िस पर धमाल मचा रही है। रिलीज़ के पहले दो दिनों में ही फ़िल्म ने कमाई के नए रिकॉर्ड्स बना दिये हैं। लगभग तय माना जा रहा है कि ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म 100 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर लेगी। 

loksabha election banner

29 जून को संजू सिनेमाघरों में पहुंची। फ़िल्म का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे दर्शक थिएटरों में टूट पड़े और संजू को 34.75 करोड़ की शानदार ओपनिंग मिली, जो 2018 की सबसे बड़ी ओपनिंग है। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक कई जगहों पर संजू के मॉर्निंग शोज़ तक हाउसफुल चले हैं। कुछ ऐसा ही मंजर शनिवार को भी जारी रहा और बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शंस में भी ज़ोरदार उछाल आया। संजू ने दूसरे दिन 38.60 करोड़ जमा किये हैं। दूसरे दिन कलेक्शन के लिहाज़ से भी संजू फ़र्स्ट हाफ़ की सबसे बड़ी फ़िल्म बन गयी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड रेस 3 के नाम था, जिसने रिलीज़ के दूसरे दिन (16 जून) 38.14 करोड़ जमा किये थे, मगर याद रहे कि उस दिन ईद थी। मगर, संजू नॉन हॉलीडे वीकेंड में रिकॉर्ड बना रही है।

यह भी पढे़ं: यह रिकॉर्ड बनाने के लिए संजू के सामने सलमान और दीपिका की चुनौती

वहीं, ओवरसीज़ से भी फ़िल्म के अच्छा बिज़नेस करने की ख़बरें आ रही हैं। सिर्फ़ अमेरिका में फ़िल्म ने 1.5 मिलियन डॉलर यानि 10 करोड़ से ज़्यादा जमा कर लिये हैं। दुनियाभर में संजू को 5300 स्क्रींस पर रिलीज़ किया गया है, जिसमें से सिर्फ़ भारत में फ़िल्म को 4000 स्क्रींस दी गयी हैं। निर्देशक राजकुमार हिरानी के साथ रणबीर कपूर की भी यह सबसे बड़ी रिलीज़ है। कॉमिक एक्टर कीकू शारदा ने ट्वीट करके जानकारी दी है कि न्यूयॉर्क में फ़िल्म हाउसफुल चल रही है। 

दो दिनों में संजू ने 73.35 करोड़ का कलेक्शन कर  लिया है यानि 100 करोड़ तक पहुंचने में फ़िल्म को सिर्फ़ 26.65 करोड़ की दरकार है, जो रविवार को आसानी से मिल जाएगा। अगर रविवार को संजू 40 करोड़ का आंकड़ा पार कल लेती है तो संभव है कि फ़िल्म इस साल का सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड भी कर ले। फिलहाल यह रिकॉर्ड पद्मावत के नाम है, जिसने 114 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में जमा किये थे। हालांकि पद्मावत को चार दिन लंबा वीकेंड मिला, वहीं गणतंत्र दिवस की छुट्टी का भी फ़ायदा मिला था। साथ ही पेड प्रीव्यूज़ की रकम भी पद्मावत के ओपनिंग वीकेंड में शामिल कर ली गयी है।  

रणबीर कपूर दर्शकों के दिलों में एक बेहतरीन एक्टर के रूप में स्थापित हो चुके हैं, मगर बॉक्स ऑफ़िस पर भरोसेमंद एक्टर के तौर पर उन्हें जगह बनाना बाक़ी है। संजू रणबीर के लिए यह काम कर सकती है। रणबीर के करियर की अब तक की सबसे बड़ी हिट यह जवानी है दीवानी है, जिसने 190 करोड़ का कलेक्शन किया था। इस रिकॉर्ड को संजू दूसरे वीकेंड तक तोड़ सकती है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.