Saand Ki Aankh Box Office Collection Day 9: सांड की आंख के कलेक्शंस में उछाल, 9 दिनों में इतनी कमाई
Saand Ki Aankh Box Office Collection Day 9 तुषार हीरानंदानी निर्देशित सांड की आंख 25 अक्टूबर को दिवाली वीकेंड में रिलीज़ हुई थी। फ़िल्म को सिर्फ़ 48 लाख रुपये की ओपनिंग मिली थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर की फ़िल्म सांड की आंख के बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शंस में लगातार इजाफ़ा हो रहा है। पहले वीकेंड के मुकाबले फ़िल्म दूसरे वीकेंड में अच्छा प्रदर्शन कर रही है। 9 दिनों में फ़िल्म के कलेक्शंस 14 करोड़ के पार निकल चुके हैं।
दूसरे वीकेंड में शुक्रवार (1 नवंबर) को फ़िल्म ने 1.28 करोड़ जमा किये थे, जबकि शनिवार को 1.89 करोड़ मिले। 9 दिनों में सांड की आंख ने 14.85 करोड़ जमा कर लिये हैं। आंकड़े बता रहे हैं कि फ़िल्म धीमी मगर निरंतर गति से रेस में बनी हुई है।
#SaandKiAankh crosses *Weekend 1* biz on Fri and Sat of *Weekend 2*... The strong word of mouth is translating into BO numbers... Biz on [second] Sun should continue the upward trend... [Week 2] Fri 1.28 cr, Sat 1.89 cr. Total: ₹ 14.85 cr. #India biz.— taran adarsh (@taran_adarsh) November 3, 2019
तुषार हीरानंदानी निर्देशित सांड की आंख 25 अक्टूबर को दिवाली वीकेंड में रिलीज़ हुई थी। फ़िल्म को सिर्फ़ 48 लाख रुपये की ओपनिंग मिली थी, जबकि वीकेंड के बाकी दो दिनों में फ़िल्म ने 1.08 करोड़ और 91 लाख रुपये की कमाई की थी। पहले वीकेंड के बाद सांड की आंख के आंकड़ों में तेज़ी आयी थी। पहले हफ़्ते में फ़िल्म ने 11.68 करोड़ का कलेक्शन किया था। पहले सोमवार को फ़िल्म ने 3.19 करोड़, मंगलवार को 2.85 करोड़, बुधवार को 1.63 करोड़ और गुरुवार को 1.54 करोड़ का कलेक्शन किया था।
उत्तर प्रदेश के बागपत ज़िले की शूटर दादियों चंद्रो तोमर और प्रकाशी तोमर की इस बायोपिक को क्रिटिक्स ने भी अच्छे नंबर दिये थे। वहीं, दर्शकों ने भी फ़िल्म को सराहा और माउथ पब्लिसिटी के दम पर फ़िल्म आगे बढ़ रही है। सांड की आंख वर्ल्डवाइड 19.11 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है।
सांड की आंख, हाउसफुल 4 और मेड इन चाइना के साथ रिलीज़ हुई थी। इस हफ़्ते से उजड़ा चमन से फ़िल्म को चुनौती मिल रही है। वहीं, अगले शुक्रवार से बाला रिलीज़ हो जाएगी।