Box office: 30 दिन बाद इतनी रही 'संजू' की कमाई, पांचवें हफ़्ते में रणबीर के नाम यह रिकॉर्ड
संजू को धड़क और साहेब बीवी और गैंगस्टर 3 से कोई ख़तरा नहीं है, मगर मिशन इम्पॉसिबिल फॉल आउट से इसका बिज़नेस ज़रूर प्रभावित हो सकता है।
मुंबई। बॉक्स ऑफ़िस पर कमाई के तमाम रिकॉर्ड तोड़ने-बनाने के बाद 'संजू' पांचवें हफ़्ते में प्रवेश कर गयी है। फ़िल्म पहले ही ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फ़िल्मों की लिस्ट में शामिल हो गयी है, अब तो बस टॉप 3 में पहुंचने की कवायद बाक़ी है, जो रविवार 29 जुलाई को पूरा होने की संभावना है।
बॉलीवुड स्टार संजय दत्त की बायोपिक फ़िल्म 'संजू' 29 जून को रिलीज़ हुई थी और रिलीज़ के साथ ही 'संजू' ने बॉक्स ऑफ़िस पर तहलका मचा दिया था। रिलीज़ के पहले हफ़्ते (29 जून-5 जुलाई) में 'संजू' ने ₹202.51 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जबकि दूसरे हफ़्ते (6-12 जुलाई) में फ़िल्म ने ₹92.67 करोड़ जमा किये। वहीं, तीसरे हफ़्ते (13-19 जुलाई) में संजू ₹31.62 करोड़ का कलेक्शन ही कर सकी। चौथे हफ़्ते (20-26 जुलाई) में संजू महज़ 10.48 करोड़ का कलेक्शन कर सकी। इसके साथ चार हफ़्तों बाद संजू का कुल नेट कलेक्शन 337.28 करोड़ हो गया।
27 जुलाई को संजू पांचवें हफ़्ते में दाखिल हो गयी, मगर अब इसकी सांसें बॉक्स ऑफ़िस पर फूलने लगी हैं। तीसरे हफ़्ते तक संजू वीकेंड में अच्छा कलेक्शन कर रही थी, मगर चौथे हफ़्ते में वीकेंड कलेक्शंस में भी ज़ोरदार गिरावट दर्ज़ की गयी। पांचवें हफ़्ते की शुरुआत भी बेहद हल्की रही है। पांचवें शुक्रवार (27 जुलाई) को फ़िल्म ने सिर्फ़ 55 लाख का कलेक्शन किया है। हालांकि पांचवें शनिवार (28 जुलाई) को कलेक्शंस में उछाल आया और आंकड़ा 91 लाख पर पहुंच गया। बहरहाल रिलीज़ के ठीक 30 दिन बाद संजू का कुल नेट कलेक्शन 338.74 करोड़ पर पहुंच गया।
'संजू' के सामने अब 'टाइगर' चैलेंज
338.74 करोड़ के साथ संजू हिंदी सिनेमा की पांचवीं सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फ़िल्म बन चुकी है। अगर तेलुगु सिनेमा की हिंदी में डब की गयी 'बाहुबली- द कंक्लूज़न' को छोड़ दें तो 300 करोड़ क्लब में पहुंचने वाली संजू सातवीं हिंदी फ़िल्म है, जबकि इस सूची में यह फिलहाल चौथे स्थान पर है।
- बाहुबली- द कनक्लूज़न (हिंदी) - ₹511 करोड़- प्रभास
- दंगल- ₹387 करोड़- आमिर ख़ान
- पीके- ₹340.80 करोड़- आमिर ख़ान
- टाइगर ज़िंदा है- ₹339.25 करोड़- सलमान ख़ान
- संजू- ₹338.74 करोड़- रणबीर कपूर (31 दिन बाद)
- बजरंगी भाईजान- ₹321 करोड़- सलमान ख़ान
- पद्मावत- ₹302.15 करोड़- रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण, शाहिद कपूर
- सुल्तान- ₹301.50 करोड़- सलमान ख़ान
'संजू' ने 'बजरंगी भाईजान' के लाइफ़ टाइम कलेक्शन (₹321 करोड़) का रिकॉर्ड रिलीज़ के 19वें दिन (17 जुलाई) तोड़ दिया था। अब अगली चुनौती सलमान ख़ान की ही फ़िल्म 'टाइगर ज़िंदा है', जिसने ₹339.25 करोड़ जमा किये हैं। पहले उम्मीद थी कि संजू चौथे हफ़्ते में ही यह रिकॉर्ड तोड़ देगी, मगर ऐसा नहीं हो सका। टाइगर ज़िंदा है को पीछे छोड़ने के लिए संजू को अभी 52 लाख और चाहिए, जो आज रविवार यानि रिलीज़ के 31वें दिन संजू को मिल जाएंगे और इसके साथ संजू हिंदी सिनेमा की तीसरी सबसे बड़ी फ़िल्म बन जाएगी।
संजू को 'धड़क' और 'साहेब बीवी और गैंगस्टर 3' से कोई ख़तरा नहीं है, मगर 'मिशन इम्पॉसिबिल फॉल आउट' से इसका बिज़नेस ज़रूर प्रभावित हो सकता है।