Move to Jagran APP

Box Office: 'स्त्री' को मिला गणपति बप्पा का आशीर्वाद, इस वीकेंड में 100 करोड़ पक्का

इस बार स्त्री के सामने 9 नई फ़िल्मों की चुनौती होगी, जो 14 सितम्बर को रिलीज़ हो रही हैं। इनमें सबसे ज़्यादा ख़तरा मनमर्ज़ियां से है, जिसे अनुराग कश्यप ने डायरेक्ट किया है।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Thu, 13 Sep 2018 12:51 PM (IST)Updated: Sat, 15 Sep 2018 01:27 PM (IST)
Box Office: 'स्त्री' को मिला गणपति बप्पा का आशीर्वाद, इस वीकेंड में 100 करोड़ पक्का
Box Office: 'स्त्री' को मिला गणपति बप्पा का आशीर्वाद, इस वीकेंड में 100 करोड़ पक्का

मुंबई। राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की हॉरर कॉमेडी 'स्त्री' ने 13 सितम्बर को दो हफ़्तों का सफ़र पूरा कर लिया है। इन दो हफ़्तों में फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर शानदार प्रदर्शन किया और अब 100 करोड़ क्लब में बस पहुंचने वाली है। इस दौरान स्त्री ने जॉन अब्राहम की फ़िल्म 'सत्यमेव जयते' के कलेक्शंस को पीछे छोड़ दिया है। 

loksabha election banner

ट्रेड सूत्रों के अनुसार 'स्त्री' अभी भी दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है, जिसके चलते गुरुवार को गणेश चतुर्थी के मौक़े पर फ़िल्म के कलेक्शंस में इजाफ़ा हुआ और स्त्री को ₹3.76 करोड़ मिले। इसके साथ 'स्त्री' का 14 दिनों का कलेक्शन ₹95.53 करोड़ हो गया है। 'स्त्री' को अब 100 करोड़ क्लब में शामिल होने के लिए सिर्फ़ ₹4.47 करोड़ की ज़रूरत है, जो तीसरे वीकेंड में मिलने की पूरी सम्भावना है। 'स्त्री' अगर 100 करोड़ क्लब में शामिल होती है तो 2018 की यह नौवीं फ़िल्म होगी। इन फ़िल्मों को 100 करोड़ तक पहुंचने में जितने दिन लगे, वो इस प्रकार हैं-

  • संजू- 3 दिन- 341.22 करोड़
  • रेस 3- 3 दिन- 169 करोड़
  • पद्मावत- 4 दिन- 300.26 करोड़
  • बाग़ी2- 6 दिन- 165 करोड़
  • गोल्ड- 13 दिन- 107.37 करोड़
  • राज़ी- 17 दिन- 123.17 करोड़
  • रेड- 22 दिन- 101.54 करोड़
  • सोनू के टीटू की स्वीटी- 25 दिन- 108.46 करोड़
  • स्त्री- 14 दिन- ₹95.53 करोड़ 

हालांकि तीसरा वीकेंड स्त्री के लिए आसान नहीं होगा, क्योंकि इसके सामनने 9 नई फ़िल्मों की चुनौती है, जो 14 सितम्बर को रिलीज़ हो गयीं। इनमें सबसे ज़्यादा ख़तरा 'मनमर्ज़ियां' से है, जिसे अनुराग कश्यप ने डायरेक्ट किया है। अभिषेक बच्चन, तापसी पन्नू और विक्की कौशल लीड रोल्स में हैं। इस फ़िल्म को समीक्षकों ने अच्छे रिव्यूज़ दिये हैं। दूसरे हफ़्ते में 'स्त्री' 1700 से अधिक स्क्रींस पर चल रही थी। तीसरे हफ़्ते में नई रिलीज़ फ़िल्मों के चलते स्क्रीनों की संख्या भी घट सकती है। 

दूसरे हफ़्ते में ऐसा रहा स्त्री का सफ़र

7 सितम्बर (शुक्रवार) को 'स्त्री' ₹4.39 करोड़ दूसरे हफ़्ते में दाख़िल हुई थी। दूसरे शनिवार को ₹7.63 करोड़ जमा कर लिये, जबकि दूसरे रविवार को स्त्री ने 10 दिनों का सफ़र पूरा कर लिया और ₹9.22 करोड़ का कलेक्शन किया था। इसके बाद सोमवार से वर्किंग वीक शुरू हुआ और 'स्त्री' के कलेक्शंस गिरे। 'स्त्री' का यह दूसरा सोमवार (10 सितम्बर) था, लिहाज़ा फ़िल्म की रफ़्तार कुछ हल्की रही। फिर भी इसने ₹3.31 करोड़ हासिल कर लिये। मंगलवार को भी कलेक्शंस में ज़्यादा गिरावट नहीं आयी और 'स्त्री' ने ₹3.22 करोड़ जमा किये। बुधवार (12 सितम्बर) को भी फ़िल्म ने ₹2.95 करोड़ का कलेक्शन कर लिया। दूसरे हफ़्ते में 'स्त्री' 'सत्यमेव जयते' से आगे निकल चुकी है, जिसने ₹89 करोड़ के आस-पास जमा किये थे।

'स्त्री' का पहला हफ़्ता

'स्त्री' 31 अगस्त को सिनेमाघरों में पहुंची थी। फ़िल्म ने पहले दिन ₹6.82 करोड़ की शानदार ओपनिंग ली। दूसरे दिन ज़बर्दस्त उछाल लिया और शनिवार को ₹10.87 करोड़ जमा कर लिये। यह बढ़त रिलीज़ के तीसरे दिन यानि रविवार को भी जारी रही और फ़िल्म ने ₹14.38 करोड़ का कलेक्शन किया। इस तरह ओपनिंग वीकेंड में ही स्त्री को ₹32.07 करोड़ मिल गये थे।

पहले सोमवार (3 सितम्बर) को कृष्ण जन्माष्टमी की छुट्टी का भी फ़िल्म को भरपूर फ़ायदा मिला और इसने ₹9.70 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया। मंगलवार (4 सितम्बर) को स्त्री ने ₹6.37 करोड़ बटोर लिये, वहीं बुधवार (5 सितम्बर) को ₹6.55 करोड़ की रकम जुटाने में स्त्री कामयाब रही।गुरुवार (6 अगस्त) को सातवें दिन ₹5.50 करोड़ के साथ स्त्री ने ₹60.39 करोड़ का आंकड़ा हासिल कर लिया था। ब्लॉकबस्टर होने के रास्ते पर स्त्री इस मंझले बजट की फ़िल्म को बनाने में तक़रीबन ₹20 करोड़ निर्माताओं ने ख़र्च किये हैं, जिसमें प्रोडक्शन और प्रचार की लागत शामिल है। निर्माताओं ने म्यूज़िक, सैटेलाइट और दूसरे अधिकार बेचकर वसूल कर ली है। फ़िल्म ब्लॉकबस्टर घोषित होने के रास्ते पर चल पड़ी है।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.