Move to Jagran APP

Box Office: कमाल कर रही है 'स्त्री', रुकने को 'राज़ी' नहीं, 3 हफ़्तों में कर ली इतनी कमाई

100 करोड़ तक पहुंचने की रेस में स्त्री ने राज़ी, रेड और सोनू के टीटू की स्वीटी को पीछे छोड़ दिया है।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Sat, 15 Sep 2018 02:42 PM (IST)Updated: Fri, 21 Sep 2018 09:16 PM (IST)
Box Office: कमाल कर रही है 'स्त्री', रुकने को 'राज़ी' नहीं, 3 हफ़्तों में कर ली इतनी कमाई
Box Office: कमाल कर रही है 'स्त्री', रुकने को 'राज़ी' नहीं, 3 हफ़्तों में कर ली इतनी कमाई

मुंबई। राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की हॉरर कॉमेडी 'स्त्री' इस साल की सबसे कामयाब फ़िल्म होने के रास्ते पर चल पड़ी है। नियंत्रित बजट में बनी फ़िल्म 100 करोड़ के पार तो पहले ही हो चुकी है, अब कुछ अहम फ़िल्मों को पीछे छोड़ रही है। जॉन अब्राहम की सत्यमेव जयते का लाइफ़ टाइम कलेक्शन पार करने के बाद स्त्री ने अब अक्षय कुमार की गोल्ड के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। हैरानी की बात यह है कि फ़िल्म ने गुरुवार यानि 21वें दिन फिर उछाल लिया है।

loksabha election banner

20 सितम्बर को 'स्त्री' ने 21 दिनों यानि तीन हफ़्तों का सफ़र पूरा कर लिया। तीसरे वीकेंड में स्त्री ने ₹10.65 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया था। तीसरे सोमवार को फ़िल्म को ₹1.87 करोड़ मिले, मंगलवार को ₹1.60 करोड़ और बुधवार को ₹1.42 करोड़ जमा किये, जबकि गुरुवार को फ़िल्म ने 1.60 करोड़ का कलेक्शन किया यानि बुधवार के कलेक्शंस से 18 लाख ज़्यादा। इसके साथ इसका 21 दिनों का कलेक्शन ₹112.67 करोड़ हो गया है। इससे पहले स्त्री 'गोल्ड', सत्यमेव जयते और अजय देवगन की रेड को भी पीछे छोड़ चुकी है। इसके बाद स्त्री के सामने राज़ी का टारगेट है। 2018 में 'स्त्री' से पहले 8 फ़िल्में 100 करोड़ से अधिक कलेक्शन कर चुकी हैं, जो इस प्रकार हैं- 

  • संजू- 3 दिन- ₹341.22 करोड़
  • रेस 3- 3 दिन- ₹169 करोड़
  • पद्मावत- 4 दिन- ₹300.26 करोड़
  • बाग़ी2- 6 दिन- ₹165 करोड़
  • गोल्ड- 13 दिन- 107.37 करोड़
  • स्त्री- 16 दिन- ₹111.07 करोड़ 
  • राज़ी- 17 दिन- ₹123.17 करोड़
  • रेड- 22 दिन- ₹101.54 करोड़
  • सोनू के टीटू की स्वीटी- 25 दिन- ₹108.46 करोड़

वैसे स्त्री को जो करना था, कर चुकी। तक़रीबन ₹20 करोड़ की लागत से बनी फ़िल्म कई गुना मुनाफ़ा कमाकर ब्लॉकबस्टर बन चुकी है और टीम ने इसका जश्न भी मना लिया है। 

पहले हफ़्ते में जमा किये 60.39 करोड़

'स्त्री' 31 अगस्त को सिनेमाघरों में पहुंची थी। फ़िल्म ने पहले दिन ₹6.82 करोड़ की शानदार ओपनिंग ली। दूसरे दिन ज़बर्दस्त उछाल लिया और शनिवार को ₹10.87 करोड़ जमा कर लिये। यह बढ़त रिलीज़ के तीसरे दिन यानि रविवार को भी जारी रही और फ़िल्म ने ₹14.38 करोड़ का कलेक्शन किया। इस तरह ओपनिंग वीकेंड में ही स्त्री को ₹32.07 करोड़ मिल गये थे। पहले सोमवार (3 सितम्बर) को कृष्ण जन्माष्टमी की छुट्टी का भी फ़िल्म को भरपूर फ़ायदा मिला और इसने ₹9.70 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया। मंगलवार (4 सितम्बर) को स्त्री ने ₹6.37 करोड़ बटोर लिये, वहीं बुधवार (5 सितम्बर) को ₹6.55 करोड़ की रकम जुटाने में 'स्त्री' कामयाब रही।गुरुवार (6 अगस्त) को सातवें दिन ₹5.50 करोड़ के साथ 'स्त्री' ने ₹60.39 करोड़ का आंकड़ा हासिल कर लिया था। 

 दूसरे हफ़्ते में स्त्री को मिले 35.14 करोड़

7 सितम्बर (शुक्रवार) को 'स्त्री' ₹4.39 करोड़ दूसरे हफ़्ते में दाख़िल हुई थी। दूसरे शनिवार को ₹7.63 करोड़ जमा कर लिये, जबकि दूसरे रविवार को स्त्री ने 10 दिनों का सफ़र पूरा कर लिया और ₹9.22 करोड़ का कलेक्शन किया था। इसके बाद सोमवार से वर्किंग वीक शुरू हुआ और 'स्त्री' के कलेक्शंस गिरे। 'स्त्री' का यह दूसरा सोमवार (10 सितम्बर) था, लिहाज़ा फ़िल्म की रफ़्तार कुछ हल्की रही। फिर भी इसने ₹3.31 करोड़ हासिल कर लिये। मंगलवार को भी कलेक्शंस में ज़्यादा गिरावट नहीं आयी और 'स्त्री' ने ₹3.22 करोड़ जमा किये। बुधवार (12 सितम्बर) को भी फ़िल्म ने ₹2.95 करोड़ का कलेक्शन कर लिया। गुरुवार (13 सितम्बर) को गणेश चतुर्थी के मौक़े पर फ़िल्म के कलेक्शंस में इजाफ़ा हुआ और स्त्री को ₹3.76 करोड़ मिले। इसके साथ दूसरे हफ़्ते में फ़िल्म ने 35.14 करोड़ जमा कर लिये। दूसरे हफ़्ते में 'स्त्री' 'सत्यमेव जयते' से भी आगे निकली, जिसने ₹89 करोड़ के आस-पास जमा किये थे।

राजकुमार राव की पहली 100 करोड़ की फ़िल्म

स्त्री की यह ब्लॉकबस्टर कामयाबी राजकुमार राव की स्थिति ज़बर्दस्त रूप से मजबूत करेगी। वो बेहतरीन अभिनेता के तौर पर तो पहले ही अपनी साख स्थापित कर चुके हैं, अब कमर्शियली भी भरोसा जीत रहे हैं। सोलो लीड में राजकुमार की 'स्त्री' पहली फ़िल्म है, जिसने 100 करोड़ क्लब में एंट्री ली है। अगर राव की पिछली कुछ फ़िल्मों का बॉक्स ऑफ़िस रिज़ल्ट देखें तो वो इस प्रकार रहा है- 

  • फ़न्ने ख़ान- ₹9.85 करोड़- फ्लॉप
  • ओमेर्टा- ₹3 करोड़- फ्लॉप
  • शादी में ज़रूर आना- ₹6.50 करोड़- फ्लॉप
  • न्यूटन- ₹22.18 करोड़- हिट
  • बरेली की बर्फ़ी- ₹34 करोड़- फ़ायदे में
  • बहन होगी तेरी- ₹2.25 करोड़- फ्लॉप
  • ट्रैप्ड- ₹2.82 करोड़- फ्लॉप   

ज़ाहिर है कि स्त्री उन्हें कमर्शियली भरोसेमंद एक्टर की लीग में लेकर जाएगी। राजकुमार फ़िलहाल मौनी रॉय के साथ 'मेड इन इंडिया' की शूटिंग कर रहे हैं।

100 करोड़ क्लब में श्रद्धा तीसरी बार 

वहीं, फ़िल्म लीडिंग लेडी श्रद्धा कपूर की बात करें तो 100 करोड़ क्लब में उनकी यह तीसरी फ़िल्म है। इससे पहले 'एक विलेन' (105.50 करोड़) और 'एबीसीडी2' (105.74 करोड़) के ज़रिए श्रद्धा इस क्लब की सदस्य बन चुकी हैं। स्त्री ने इन दोनों फ़िल्मों को पीछे छोड़ दिया है और श्रद्धा की अब तक की सबसे कामयाब फ़िल्म बन गयी है। अगर पिछले कुछ सालों में आयीं श्रद्धा की ऐसी फ़िल्में देखें, जिनमें उन्होंने मुख्य किरदार निभाया है तो उनमें स्त्री बेस्ट है। 

  • हसीना पारकर- ₹6.85 करोड़- फ्लॉप
  • हाफ़ गर्लफ्रेंड- ₹6.28 करोड़- फ़ायदे में
  • ओके जानू- ₹23.05 करोड़- फ्लॉप
  • रॉक ऑन 2- ₹11.50 करोड़- फ्लॉप
  • बाग़ी- ₹76 करोड़- हिट

श्रद्धा इसके बाद 'बत्ती गुल मीटर चालू' में नज़र आएंगी, जिसमें शाहिद कपूर लीड रोल में हैं। देखते हैं कि श्रद्धा की कामयाबी का यह सिलसिला जारी रहता है या नहीं।  

क्या सिखाती है यह 'स्त्री'

अमर कौशिक निर्देशित 'स्त्री' जैसी फ़िल्में हॉलीडे रिलीज़ पर निर्भरता को ख़त्म करके फ़िल्मकारों को कंटेंट का रास्ता दिखाती हैं। यह फ़िल्में बताती हैं कि अगर फ़िल्म की कहानी, विषयवस्तु और निर्देशन में कसाव होगा तो कोई वजह नहीं कि दर्शक सिनेमाघर में फ़िल्म देखने ना पहुंचे। 'स्त्री' इस साल की उन फ़िल्मों में शामिल हो गयी है, जो नॉन हॉलीडे पर रिलीज़ हुई हैं और 100 करोड़ से अधिक कमाई की है। इनमें अभी तक 'सोनू के टीटू की स्वीटी', 'संजू' और 'राज़ी' शामिल हैं, जो किसी नॉन हॉलीडे पर रिलीज़ हुईं। संजू ने ₹341 करोड़ का कलेक्शन किया, तो 'राज़ी' और 'सोनू के टीटू की स्वीटी' ₹100 करोड़ के पार रही हैं। 2017 में आयी 'बाहुबली 2- द कंक्लूज़न' भी नॉन हॉलीडे (29 अप्रैल) पर आयी थी और ₹511 करोड़ का कलेक्शन किया था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.