Box Office: ईद पर 'रेस 3' ने रचा इतिहास, सलमान ने नहीं सोचा होगा इतनी हुई कमाई, अब 100 करोड़...
अगर रेस 3 ओपनिंग वीकेंड में 100 करोड़ जमा कर लेती है तो ऐसा करने वाली सलमान की यह छठी फ़िल्म बन जाएगी, जिनमें से चार ईद रिलीज़ हैं।
मुंबई। सलमान ख़ान ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ईद पर उनका कोई मुक़ाबला नहीं है। सलमान की फ़िल्मों को लेकर समीक्षक चाहे जो कहें, लेकिन चाहने वाले भाई को ईदी देना नहीं भूलते। देशभर में ईद का त्योहार 16 जून को मनाया गया और जैसी कि उम्मीद की जा रही थी, 'रेस 3' की कमाई ने आसमान छू लिया।
ईद के त्योहार के मद्देनज़र 'रेस 3' को 15 जून को रिलीज़ किया गया। रेमो डिसूज़ा निर्देशित 'रेस 3' को पहले दिन जहां 29.17 करोड़ मिले, वहीं ईद पर यानि शनिवार को फ़िल्म के कलेक्शंस में ज़बर्दस्त इजाफ़ा हुआ और बॉक्स ऑफ़िस पर 38.14 करोड़ जमा किये। जानकार कहते हैं कि अगर ईद 15 जून को मनाई गयी होती, तो 'रेस 3' की ओपनिंग और भी बेहतर हो सकती थी, जिसकी भरपाई सलमान के फ़ैंस ने दूसरे दिन कर दी। 'रेस 3' दो दिन में 67.31 करोड़ जमा कर चुकी है। 100 करोड़ क्लब में पहुंचने के लिए 'रेस 3' को 32.69 करोड़ की ज़रूरत है, जो रविवार को मिलने की पूरी उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: रेस 3 की रिलीज़ से बिगड़ा इन 3 फ़िल्मों का गणित, बॉक्स ऑफ़िस पर रफ़्तार धीमी
रेस फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2008 में अब्बास-मस्तान ने की थी। इस तेज़ रफ़्तार, स्टाइलिश और रहस्य-रोमांच से भरपूर फ़िल्म को सभी ने पसंद किया था। फ़िल्म का संगीत भी ख़ूब सराहा गया था। दूसरे भाग 'रेस 2' को भी अब्बास-मस्तान ने ही डायरेक्ट किया था। बॉक्स ऑफ़िस पर यह फ़िल्म भी अच्छी चली। अब तीसरे भाग 'रेस 3' का निर्देशन रेमो डिसूज़ा ने किया है और पहली बार सलमान ख़ान इस फ्रेंचाइजी से एसोशिएट हुए हैं।
Eid Mubarak to all my loved ones .https://t.co/j0dYsxr9ZZ#Race3WaaliEid #Race3InCinemas pic.twitter.com/9zPlGpbqjH — Salman Khan (@BeingSalmanKhan) June 16, 2018
'रेस 3' की ओपनिंग ने तो इतिहास रच दिया है। 2018 में यह अब तक की बेस्ट ओपनिंग है। अब सभी की नज़रें इस बात पर टिकी हैं कि फ़िल्म ओपनिंग वीकेंड में क्या कमाल करती है और 'पद्मावत' का रिकॉर्ड तोड़ पाती है या नहीं, जिसने इस साल का सबसे अच्छा ओपनिंग वीकेंड किया है। 'पद्मावत' ने ओपनिंग वीकेंड में 114 करोड़ रुपए जमा किये थे। अगर 'रेस 3' ओपनिंग वीकेंड में 100 करोड़ जमा कर लेती है तो ऐसा करने वाली सलमान की यह छठी फ़िल्म बन जाएगी, जिनमें से चार ईद रिलीज़ हैं।
यह भी पढ़ें: ईद पर रिलीज़ हुई सलमान ख़ान की फ़िल्मों की कमाई 1500 करोड़ के पार
22 दिसंबर 2017 को रिलीज़ हुई 'टाइगर ज़िंदा है' ने 114.93 करोड़ का कलेक्शन ओपनिंग वीकेंड में किया था। (क्रिसमस रिलीज़)
6 जुलाई 2016 में आयी 'सुल्तान' को 180.36 करोड़ का शानदार ओपनिंग वीकेंड मिला था। हालांकि ये पांच दिन लंबा वीकेंड था। (ईद रिलीज़)
12 नवंबर 2015 को रिलीज़ हुई 'प्रेम रतन धन पायो' ने ओपनिंग वीकेंड में 129.77 करोड़ जमा किये थे। इस बार सलमान को चार दिन लंबा ओपनिंग वीकेंड मिला। (दिवाली रिलीज़)
17 जुलाई 2015 को रिलीज़ हुई 'बजरंगी भाईजान' ने 102.60 करोड़ ओपनिंग वीकेंड में कमाए थे। (ईद रिलीज़)
15 अगस्त 2012 को रिलीज़ हुई 'एक था टाइगर' को ओपनिंग वीकेंड में 116.05 करोड़ मिले थे। यह पांच दिन लंबा वीकेंड था। (स्वतंत्रता दिवस और ईद रिलीज़)