Move to Jagran APP

अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा' प्राइम वीडियो पर हुई स्ट्रीम, तीन हफ्तों में बॉक्स ऑफिस पर जुटा चुकी इतने करोड़

पुष्पा 17 दिसम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। तेलुगु के साथ इसे हिंदी भाषी इलाकों में भी बड़े पैमाने पर रिलीज किया गया था। तेलुगु स्टार अल्लू अर्जुन की यह पहली फिल्म है जो हिंदी में भी रिलीज की गयी।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Fri, 07 Jan 2022 04:40 PM (IST)Updated: Sat, 08 Jan 2022 07:02 AM (IST)
अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा' प्राइम वीडियो पर हुई स्ट्रीम, तीन हफ्तों में बॉक्स ऑफिस पर जुटा चुकी इतने करोड़
Pushpa Box Office Collection Day 21. Photo- Twitter

नई दिल्ली, जेएनएन। अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की फिल्म पुष्पा- द राइज पार्ट वन ने सिनेमाघरों में तीन हफ्तों का सफर पूरा कर लिया है। फिल्म के हिंदी वर्जन ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 70 करोड़ से अधिक जमा कर लिये हैं। खास बात यह है कि पुष्पा ने तीसरे हफ्ते में दूसरे हफ्ते के मुकाबले ज्यादा कमाई की, जो फिल्म की हिंदी बेल्ट में स्वीकार्यता को जाहिर करता है। 

loksabha election banner

पुष्पा 31 दिसम्बर को रिलीज के तीसरे हफ्ते में दाखिल हुई थी और 6 जनवरी (गुरुवार) को 2.05 करोड़ के साथ फिल्म ने तीसरा हफ्ता पूरा किया। पुष्पा का अब 21 दिनों यानी तीन हफ्तों का नेट कलेक्शन 72.49 करोड़ हो चुका है। पुष्पा ने तीसरे शुक्रवार को 3.50 करोड़, शनिवार को 6.10 करोड़ और रविवार को 6.25 करोड़ बटोरे थे। इसके बाद वर्किंग वीक में पुष्पा के कलेक्शंस में गिरावट आयी, मगर कलेक्शंस एक सधी हुई रफ्तार से आगे बढ़े। सोमवार को फिल्म ने 2.75 करोड़, मंगलवार को 2.50 करोड़ और बुधवार को 2.25 करोड़ जमा किये थे। 72.49 करोड़ के नेट कलेक्शन के साथ हिंदी बेल्ट में पुष्पा को अब सुपर हिट माना जा रहा है।

पुष्पा 17 दिसम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। तेलुगु के साथ इसे हिंदी भाषी इलाकों में भी बड़े पैमाने पर रिलीज किया गया था। तेलुगु स्टार अल्लू अर्जुन की यह पहली फिल्म है, जो हिंदी में भी रिलीज की गयी। हिंदी बॉक्स ऑफिस पर पुष्पा के कलेक्शंस वाकई चौंकाने वाले हैं, क्योंकि हिंदी वर्जन का ज्यादा प्रमोशन भी नहीं किया गया था। 

पुष्पा ने पहले हफ्ते में 26.89 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि दूसरे हफ्ते में 20.20 करोड़ और तीसरे हफ्ते में 25.40 करोड़ जमा करने में कामयाब रही। गौरतलब है कि फिल्म तीसरे हफ्ते में ज्यादा चली है। तीसरे हफ्ते में फिल्म की कुछ स्क्रींस भी बढ़ायी गयी थीं। कोरोना और ओमिक्रोन के मामले बढ़ने के साथ कई राज्यों में नाइट कर्फ्यू और वीकेंड कर्फ्यू जैसे कदम भी उठाये गये हैं। वहीं, कुछ राज्यों में सिनेमाघर भी बंद कर दिये गये हैं। इन सब चुनौतियों के बावजूद फिल्म ने अपनी रफ्तार जारी रखी। 

आज प्राइम पर पुष्पा- द राइज

आज (7 जनवरी) फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हो रही है। हालांकि, प्राइम पर फिल्म सिर्फ तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ में ही स्ट्रीम की जा रही है। हिंदी के दर्शकों को थोड़ा इंतजार करना होगा। हिंदी डब वर्जन को कुछ वक्त बाद स्ट्रीम किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते कई राज्यों में सिनेमाघरों का संचालन प्रभावित, जानें- कहां खुले हैं, कहां बंद


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.