Move to Jagran APP

तीसरे वीकेंड में घटने के बजाए बढ़े 'पुष्पा- द राइज' के कलेक्शंस, 17 दिनों में वर्ल्डवाइड 300 करोड़ के पार

नये साल की छुट्टियां जश्न का माहौल और किसी नई रिलीज की कमी के चलते पुष्पा के कलेक्शंस में उछाल आया। हिंदी बेल्ट में पुष्पा को जिस तरह की कामयाबी हासिल हुई है रिलीज से पहले इसका अंदाजा ट्रेड को भी नहीं था।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Mon, 03 Jan 2022 02:13 PM (IST)Updated: Tue, 04 Jan 2022 07:41 AM (IST)
तीसरे वीकेंड में घटने के बजाए बढ़े 'पुष्पा- द राइज' के कलेक्शंस, 17 दिनों में वर्ल्डवाइड 300 करोड़ के पार
Pushpa Box Office Collection Day 17. Photo- Twitter

नई दिल्ली, जेएनएन। तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से आयी अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना की फिल्म 'पुष्पा- द राइज' बॉक्स ऑफिस पर वाकई गेम चेंजर साबित हुई है। पैनडेमिक के वक्त में इस फिल्म की हिंदी बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी ने दक्षिण भारतीय फिल्मों के लिए ना सिर्फ ट्रेड का नजरिया बदला है, बल्कि दर्शकों के मिजाज का पता भी चला है।

loksabha election banner

पुष्पा हिंदी के लिए दर्शकों की बेताबी का अंदाजा इस बात से लग जाता है कि रिलीज के तीसरे वीकेंड में फिल्म ने पहले और दूसरे वीकेंड से अधिक कलेक्शन किया है। आम तौर पर ऐसा होता नहीं है। फिल्म के कलेक्शंस दिन गुजरने के साथ गिरते हैं, मगर पुष्पा के केस में गंगा उल्टी बह रही है। पुष्पा 17 दिनों में 60 करोड़ से अधिक नेट कलेक्शन कर चुकी है और फिल्म अभी भी छोटे शहरों और कस्बों के सिनेमाघरों में मजबूती से टिकी हुई है।

तीसरे वीकेंड में पुष्पा हिंदी के कलेक्शंस देखें तो शुक्रवार को 3.50 करोड़, शनिवार को 6.10 करोड़ और रविवार को 6.25 करोड़ का कलेक्शन किया। यानी तीसरे वीकेंड में पुष्पा हिंदी ने 15.85 करोड़ का नेट कलेक्शन किया।

अब अगर पहले वीकेंड की बात करें तो फिल्म ने 12.68 करोड़ और दूसरे वीकेंड में 10.31 करोड़ जमा किये थे। अब 17 दिनों में पुष्पा- द राइज का नेट कलेक्शन 62.94 करोड़ हो चुका है। पुष्पा द राइज 17 दिसम्बर को तेलुगु के साथ हिंदी भाषा में रिलीज हुई थी। पहले हफ्ते में पुष्पा ने 26.89 करोड़ नेट कलेक्शन किया है, जबकि दूसरे हफ्ते में फिल्म ने 20.20 करोड़ जमा किये थे। वहीं, फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 300 करोड़ हो चुका है।

जरसी की रिलीज खिसकने से फायदा

नये साल की छुट्टियां, जश्न का माहौल और किसी नई रिलीज की कमी के चलते पुष्पा के कलेक्शंस में उछाल आया। हिंदी बेल्ट में पुष्पा को जिस तरह की कामयाबी हासिल हुई है, रिलीज से पहले इसका अंदाजा ट्रेड को भी नहीं था। हां, पिछले कुछ सालों में दक्षिण भारतीय फिल्मों के लिए हिंदी दर्शकों की स्वीकार्यता जिस तरह बढ़ी है, उससे इसके ठीकठाक कलेक्शन करने की उम्मीद की जा रही थी। 

इस रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि पुष्पा हिंदी 75 करोड़ के आंकड़े तक पहुंच सकती है। 31 दिसम्बर को सिनेमाघरों में आने के लिए तैयार शाहिद कपूर की फिल्म जरसी की रिलीज टलने का फायदा भी पुष्पा को तीसरे वीकेंड में मिला। वहीं, अब 7 जनवरी को रिलीज के लिए तैयार RRR के हटने का फायदा पुष्पा हिंदी को तीसरे हफ्ते में मिलेगा। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.