Pagalpanti Box Office Collection Day 2: उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई 'पागलपंती', बॉक्स ऑफ़िस पर नहीं मचा सकी धमाल
Pagalpanti Box Office Collection Day 2 जॉन के लिए यह इस साल की सबसे खराब ओपनिंग है। अब उम्मीद है कि फ़िल्म वीकेंड तक करीब 10 करोड़ का कलेक्शन कर सकती है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Pagalpanti Box Office Collection Day 2: जॉन अब्राहम, अनिल कपूर और अरशद वापसी जैसे एक्टर्स से सजी फ़िल्म 'पागलपंती' बॉक्स ऑफ़िस पर कुछ ख़ास नहीं कर पाई है। बड़े एक्टर्स के होने के बावजूद फ़िल्म उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। फ़िल्म की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि, फ़िल्म ने दूसरे दिन कुछ उछाल हासिल की है।
बॉक्स ऑफ़िस इंडिया के मुताबिक फ़िल्म ने दूसरे दिन (शनिवार) को 25 प्रतिशत कमाई की। इसका मतलब है कि फ़िल्म ने दो दिन में करीब 6.25 करोड़ की कमाई की है। 'पागलपंती' इस दिन ही रिलीज़ हुई एनिमेटेड फ़िल्म 'फ्रोजेन-2' से भी पीछे रह गई। 'फ्रोजेन' ने दो दिन में करीब 10 करोड़ की कमाई कर ली। ऐसे में 'फ्रोजेन' को 'पागलपंती' से ज्यादा दर्शक मिले हैं। हालांकि, रविवार को पागलपंती को ज्यादा कलेक्शन की उम्मीद है।
उम्मीदों पर नहीं उतरी खरी
रिलीज़ से पहले फ़िल्मी से अच्छी कमाई की उम्मीद की जा रही थी। सुपर सिनेमा मैगज़ीन ने फ़िल्म के 8-9 करोड़ के बीच कलेक्शन का अनुमान लगाई थी। वहीं, दूसरे ट्रेड विश्लेषकों ने भी करीब 10 करोड़ के कलेक्शन का अनुमान जताया था। हालांकि, फ़िल्म इन सभी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। अब उम्मीद है कि फ़िल्म वीकेंड तक करीब 10 करोड़ का कलेक्शन कर सकती है।
जॉन की इस साल की सबसे खराब ओपनिंग
इस साल जॉन अब्राहम की तीसरी फ़िल्म है। जॉन के लिए यह इस साल की सबसे खराब ओपनिंग है। इससे पहले आई 'बाटला हाउस' ने 15.55 करोड़ की ओपनिंग ली थी। वहीं, 'रोमियो अकबर वॉल्टर' ने 6 करोड़ की कमाई की थी। 'बाटला हाउस' हिट रही है, तो 'रोमियो अकबर वॉल्टर' कमाई के लिहाज़ से औसत रही थी। अब देखना होगा कि क्या पागलपंती वापसी कर पाती है या नहीं? आने वाले दिनों में कई बड़ी फ़िल्में आने वाली है। वही मरजांवा और बाला जैसी फ़िल्में काफी कड़ी टक्कर दे रही हैं।