Box Office: पोखरण में जॉन ने जीती जंग, वीकेंड में परमाणु को इतने करोड़
ये माना जा रहा है कि फिल्म को पहले सप्ताह में 35 करोड़ रूपये तक का कलेक्शन मिल सकता है।
मुंबई। भारत के ऐतिहासिक कारनामे पर बनी जॉन अब्राहम की फिल्म परमाणु द स्टोरी ऑफ़ पोखरण ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले वीकेंड में 20 करोड़ से अधिक का कलेक्शन हासिल कर लिया है।
अभिषेक शर्मा के निर्देशन में बनी परमाणु द स्टोरी और पोखरण ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले तीन दिनों में 20 करोड़ 78 लाख रूपये की कमाई कर ली है। अपनी रिलीज़ के तीसरे दिन फिल्म ने आठ करोड़ 32 लाख रूपये की कमाई की। चार करोड़ 82 लाख रूपये से ओपनिंग लेने वाली इस फिल्म ने दूसरे दिन 58. 51 प्रतिशत का उछाल ले कर सात करोड़ 64 लाख रूपये का कलेक्शन किया था। ये माना जा रहा था कि शुक्रवार को आईपीएल के सेकेंड क्वालीफायर और रविवार को फाइनल होने के कारण फिल्म के कलेक्शन में भारी गिरावट आएगी। लेकिन रविवार को भी फिल्म की कमाई अच्छी हो गई जिसका साफ़ मतलब है कि परमाणु को माउथ पब्लिसिटी के साथ हफ़्ते के सामान्य दिनों में फ़ायदा हो सकता है। ये माना जा रहा है कि फिल्म को पहले सप्ताह में 35 करोड़ रूपये तक का कलेक्शन मिल सकता है। दर्शकों में भारत के परमाणु इतिहास को जानने के लिए लोगों में काफी उत्सुकता है। ये फिल्म देश भर में 1935 और विदेश में 270 स्क्रीन्स में रिलीज़ हुई है। वैसे इसे अमिताभ बच्चन- ऋषि कपूर की 102 नॉट आउट और अनुष्का की परी से अच्छी ओपनिंग मिली है।
जॉन की 2016 में आई रॉकी हैंडसम को पहले वीकेंड में 16 करोड़ 12 लाख रूपये और उसी साल आई फ़ोर्स 2 को 20 करोड़ पांच लाख रूपये का कलेक्शन मिला था।
फिल्म परमाणु- द स्टोरी ऑफ पोखरण भारत की उस ऐतिहासिक घटना पर आधारित है जिसके चलते देश परमाणु शक्ति संपन्न देशों की कतार में मजबूती से आ खड़ा हुआ था। कहानी भारत के दूसरे परमाणु परीक्षण यानि पोखरण 2 से जुड़ी है। भारत ने 1998 में 11 से 13 मई के बीच राजस्थान के पोखरण टेस्ट रेंज में ऑपरेशन शक्ति के नाम से दूसरा परमाणु परीक्षण किया था, जिसमें पांच परमाणु बम का टेस्ट एक्सप्लोजन किया गया। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम (पूर्व राष्ट्रपति) इस प्रोजेक्ट के हेड थे और तब के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने परीक्षण के मसौदे पर साइन किया था। पोखरण में ही भारत ने 1974 में पहला परमाणु परीक्षण भी किया था। परमाणु अपनी रिलीज़ से पहले विवादों में भी रही है।
सबसे पहले परमाणु की रिलीज डेट 8 दिसंबर, 2017 तय की गई। फिर इसे आगे बढ़ाकर 23 फरवरी किया गया, क्योंकि प्रोड्यूसर प्रेरणा अरोड़ा पद्मावत से क्लैश नहीं चाहती थी। इसके बाद 2 मार्च की रिलीज डेट तय की गई लेकिन अनुष्का की परी से क्लैश को देखते हुए 6 अप्रैल की डेट फाइनल हुई। दोनों प्रोड्यूसर्स जीए एंटरटेनमेंट और क्रिआर्ज एंटरटेनमेंट का विवाद सामने आने के बाद 4 मई की रिलीज रखी गई थी। विवाद को सुलझाने के लिए अदालत को दखल देना पड़ा और तब जा कर फिल्म 25 मई को रिलीज़ हो पाई। इस फिल्म में जॉन के साथ डायना पेंटी ने भी अहम् रोल किया है।
यह भी पढ़ें: Box Office: IPL फाइनल के दिन वॉट'सन' और भट्ट 'डॉटर' का कमाल, दोनों का शतक