Jai Mummy Di Box Office Collection Prediction: तानाजी के तूफ़ान के बीच क्या दर्शक बोलेंगे 'जय मम्मी दी'?
Jai Mummy Di Box Office Collection Prediction जय मम्मी दी रोमांटिक कॉमेडी फ़िल्म है जिसमें सनी सिंह और सोनाली सैगल लीड रोल निभा रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। पिछले हफ़्ते रिलीज़ हुई अजय देवगन की तानाजी- द अनसंग वॉरियर बॉक्स ऑफ़िस पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। फ़िल्म 100 करोड़ का पड़ाव पार कर चुकी है और अभी भी वीक डेज़ में डबल डिजिट में कमाई कर रही है। वहीं, दीपिका पादुकोण की छपाक भी रेस में बनी हुई है। इन फ़िल्मों के बीच शुक्रवार (17 जनवरी) को जय मम्मी दी रिलीज़ हो गई है। सवाल यह है कि तानाजी के तूफ़ान के बीच दर्शक जय मम्मी दी बोल पाएंगे या नहीं?
जय मम्मी दी रोमांटिक कॉमेडी फ़िल्म है, जिसमें सनी सिंह और सोनाली सैगल लीड रोल निभा रहे हैं। फ़िल्म में वेटरन एक्ट्रेस सुप्रिया पाठक और पूनम ढिल्लों भी अहम किरदारों में नज़र आएंगी। फ़िल्म का निर्माण लव रंजन ने किया है, जो प्यार का पंचनामा 2 जैसी हिट फ़िल्म दे चुके हैं। फ़िल्म का निर्देशन नवजोत गुलाटी ने किया है। सनी सिंह प्यार का पंचनामा 2 का भी हिस्सा थे और इसके बाद सोनू के टीटू की स्वीटी में कार्तिक आर्यन के साथ नज़र आये थे। पिछले साल उनकी दो फ़िल्में आयीं- उजड़ा चमन और झूठा कहीं का। दोनों ही फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस पर कोई करिश्मा नहीं दिखा सकीं थीं।
ट्रेड जानकारों का अनुमान है कि फ़िल्म पहले दिन 1-2 करोड़ का कलेक्शन कर सकती है। हालांकि इसके सामने तानाजी- द अनसंग वॉरियर की विकट चुनौती होगी, जो बॉक्स ऑफ़िस पर गदर मचा रही है। कल से तानाजी का दूसरा हफ़्ता शुरू हो जाएगा और दूसरे वीकेंड में फ़िल्म के कलेक्शंस में ज़बर्दस्त उछाल आने की सम्भावना जताई जा रही है। वहीं इसके साथ रिलीज़ हुई छपाक भी दूसरे वीकेंड में दर्शकों को खींच सकती है।
अगर इस एंगल से देखें तो 17 जनवरी को कोई बड़ी फ़िल्म ना होने की वजह से तानाजी को दूसरे हफ़्ते में किसी बड़ी चुनौती का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्यों छपाक पहले से ही तानाजी के सामने धीमी पड़ चुकी है। ऐसे में अगले शुक्रवार (24 जनवरी) तानाजी के सामने कोई चुनौती नहीं होगी। 24 जनवरी को कंगना रनौत की पंगा और वरुण धवन की स्ट्रीट डांसर 3 डी रिलीज़ हो रही हैं, जिसका असर तानाजी पर पड़ सकता है।