Box Office: चीन में हिंदी मीडियम 200 और दुनिया में बाग़ी 2 इतने करोड़ पर पहुंची
वरुण धवन और बनिता संधू की फिल्म अक्टूबर ने रिलीज़ के छठे दिन घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर 27 करोड़ 99 लाख रूपये का कलेक्शन किया है l
मुंबई। अभिनेता इरफ़ान और सबा कमर की फिल्म हिंदी मीडियम ने चीन के बॉक्स ऑफ़िस 200 करोड़ रूपये का कलेक्शन कर लिया है जबकि बाग़ी 2 अब वर्ल्ड वाइड कमाई के मामले में 250 करोड़ रूपये का आंकड़ा पार कर गई है।
भाषाई शिक्षा व्यवस्था पर सटीक प्रहार करने वाली साकेत चौधरी निर्देशित हिंदी मीडियम ने चीन में अपनी रिलीज़ के 15वें दिन .42 मिलियन डॉलर यानि दो करोड़ 76 लाख रूपये का कलेक्शन किया है और इसी के साथ फिल्म को अब तक चीन से 30.65 मिलियन डॉलर यानि 201 करोड़ 63 लाख रूपये का कलेक्शन मिल चुका है। ये फिल्म चीन के बॉक्स ऑफ़िस पर इस हफ़्ते जारी रहेगी और माना जा रहा है कमाई 205 करोड़ के आसपास पहुंच सकती है।
उधर अहमद खान के निर्देशन में बनी टाइगर श्रॉफ और दिशा पटानी की फिल्म बाग़ी 2 ने वर्ल्ड वाइड बॉक्स ऑफ़िस पर अपनी रिलीज़ के 19 दिनों में 250 करोड़ 20 लाख रूपये का कलेक्शन कर लिया है। इसमें से भारत में 157 करोड़ 85 लाख रूपये (205 करोड़ 20 लाख रूपये ग्रॉस) और विदेशों से करीब 45 करोड़ रूपये की कमाई शामिल है। टाइगर श्रॉफ ने अपने एक्शन-स्टंट्स के जरिये दर्शकों के बीच पैठ बनाये रखी है और ख़ास कर उन सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों में, जहां सलमान को सुल्तान माना जाता है। ये टाइगर की पहली 100 करोड़ कमाई वाली फिल्म है।
इस बीच शूजित सरकार के निर्देशन में बनी वरुण धवन और बनिता संधू की फिल्म अक्टूबर ने रिलीज़ के छठे दिन घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर 27 करोड़ 99 लाख रूपये का कलेक्शन किया है, जिसमें बुधवार की दो करोड़ 43 लाख रूपये की एंट्री भी दर्ज़ है।
यह भी पढ़ें: 102 Not Out: जिसका बेटा बूढ़ा उसका तो बड़ा नाम है, झूम के नाचे बच्चन-ऋषि