Year Wrap Up: 2017 में बॉक्स ऑफ़िस पर बने ये रिकॉर्ड, जानना जरूरी है
साल 2017 अक्षय कुमार के लिए सौ फ़ीसदी खरा उतरा। उनकी दोनों फिल्मों जॉली एलएलबी 2 और टॉयलेट एक प्रेम कथा ने सौ करोड़ से ज़्यादा का कलेक्शन किया।
मुंबई। साल 2017 अब ख़त्म होने को है और इस साल फिल्मों ने बॉक्स ऑफ़िस को न सिर्फ़ अच्छी कमाई कराई बल्कि कई नये रिकॉर्ड भी बना कर दिए। आइये एक नज़र डालते हैं।
*भारतीय सिनेमा के इतिहास में पहली बार हुआ जब किसी फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफ़िस 511 करोड़ रूपये का कलेक्शन किया। ये फिल्म थी अप्रैल 2017 में रिलीज़ हुई बाहुबली - द कन्क्लूजन। तमिल और तेलुगु में बनी इस फिल्म के हिंदी डब वर्जन ने ये रिकॉर्ड बनाया।
* अजय देवगन और उनके गोलमाल गैंग के लिए 2017 यादगार रहा। अजय ने अपने फिल्मी करियर में गोलमाल अगेन के साथ पहली बार घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर 200 करोड़ का आंकड़ा पार किया। उनकी सात फिल्में अब तक 100 करोड़ रूपये के आंकड़े तक पहुंच चुकी हैं।
* टाइगर ज़िंदा है की जबरदस्त कामयाबी ने सलमान खान को 12वीं बार 100 करोड़ क्लब में एंट्री दिलवा दी लेकिन वो 2017 में अपने करियर में तीसरी बार 300 करोड़ तक नहीं पहुंच पाये। उनकी फिल्म बजरंगी भाईजान ने 320 करोड़ 34 लाख और सुल्तान ने 300 करोड़ 45 लाख रूपये का लाइफ टाइम कलेक्शन किया था।
* साल 2017 अक्षय कुमार के लिए सौ फ़ीसदी खरा उतरा। उनकी दोनों फिल्मों जॉली एलएलबी 2 और टॉयलेट एक प्रेम कथा ने सौ करोड़ से ज़्यादा का कलेक्शन किया। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अब तक वो आठ बार 100 करोड़ क्लब में शामिल हो चुके हैं।
* दो गैर-भारतीय मूल की हीरोइनों ने भी एक रिकॉर्ड बनाया। कटरीना कैफ (हांगकांग) ने टाइगर ज़िंदा है के साथ और जैकलीन फर्नांडिस (श्रीलंका ) ने जुड़वा 2 के साथ पांचवीं बार 100 करोड़ क्लब में एंट्री ली।
* साल 2017 में ऐसे छह निर्देशक रहे, जिन्होंने पहली बार 100 करोड़ क्लब में दस्तक दी। ये थे जॉली एलएलबी 2 के डायरेक्टर सुभाष कपूर , टॉयलेट एक प्रेम कथा के श्री नारायण सिंह , काबिल के संजय गुप्ता , बद्रीनाथ की दुल्हनिया के शशांक खेतान , रईस के राहुल ढोलकिया और जुड़वा 2 के डेविड धवन।
* आदित्य चोपड़ा , साजिद नाडियाडवाला और करण जौहर, ऐसे तीन निर्माता रहे , जो पांच बार 100 करोड़ या उससे ज़्यादा की कमाई कर चुके हैं। हालांकि आदित्य चोपड़ा के बैनर की कैदी बैंड, मेरी प्यारी बिंदु और बैंक चोर बुरी तरह पिट गई। साजिद की रंगून फ्लॉप रही और करण जौहर की ओके जानू भी।
* साल 2017 में आमिर खान, दीपिका पादुकोण, करीना कपूर खान, रणवीर सिंह, प्रियंका चोपड़ा और कपूर की फिल्में आई ही नहीं।