35वें दिन हुआ बड़ा चमत्कार,दुनियाभर में Hanuman Ansh ने लगाई जोरदार दहाड़; एक दिन में कर ली मोटी कमाई
हनुमान अंश की रफ्तार दुनियाभर में कमाई के मामले में बढ़ रही है। 35वें दिन की सॉलिड कमाई के साथ मूवी डबल सेंचुरी बनाने के करीब पहुंच चुकी है।

हनुमान अंश वर्ल्डवाइड कलेक्शन/ फोटो- इंस्टाग्राम
HighLights
हनुमान अंश दुनियाभर में 200 करोड़ कमाने के पहुंची करीब
विदेशों में आज रिलीज की जाएगी नीम करौली बाबा पर बनी फिल्म
4 बड़ी फिल्मों को कमाई के मामले में पीछे छोड़ चुकी है हनुमान अंश
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। नीम करौली बाबा की जिंदगी पर बनी फिल्म हनुमान अंश (Hanuman Ansh Movie) दर्शकों का दिल जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। जिस सादगी से विशाल चतुर्वेदी ने इस फिल्म को बनाया है और शोभिनव सत्या ने महान संत के किरदार में जान फूंकी है वह काबिल-ए-तारीफ है।
हनुमान अंश पर लगातार बजरंग बली की कृपा बरस रही है। 35वें दिन बॉक्स ऑफिस पर बड़ा चमत्कार दिखाते हुए दुनियाभर में कमाई के मामले में यह फिल्म जादुई आकड़ां छूने के बेहद करीब पहुंच चुकी है।
वर्ल्डवाइड बेहतरीन बिजनेस कर रही है हनुमान अंश
पहला दिन कैसा भी हो, लेकिन आखिरी दिन यादगार बने इसी बात का सबसे बड़ा प्रमाण हनुमान अंश ने दिया है। पहले वीकेंड पर जहां इस फिल्म ने महज 60 लाख रुपए का बिजनेस बॉक्स ऑफिस पर किया था, तो वहीं अब 35वें दिन दुनियाभर में 200 करोड़ के क्लब में शामिल होने से फिल्म कुछ दूर ही रह गई है।
सैकनिल्क डॉट कॉम की रिपोर्ट्स के मुताबिक, डिवोशनल ड्रामा फिल्म हनुमान अंश ने दुनियाभर में 35दिनों के अंदर 192.75 करोड़ तक की कमाई कर ली है। फिल्म ने 100%से ज्यादा प्रॉफिट कमाया है। यह फिल्म दुनियाभर में डबल सेंचुरी बनाने से बस अब 8 करोड़ रुपए दूर है। बुधवार तक हनुमान अंश की कमाई 180 करोड़ थी, यानी कि सिंगल डे पर फिल्म ने 12 करोड़ के आसपास का कलेक्शन किया है।

विदेशों में चक्रव्यूह रचाने आ रही है हनुमान अंश
अब तक शेभिनव सत्या स्टारर फिल्म हनुमान अंश भारतीय बॉक्स ऑफिस और दुनियाभर में बॉक्स ऑफिस पर सफलता की एक नई कहानी लिख रही थी, लेकिन आज यह फिल्म विदेशों में भी रिलीज होने जा रही है। मूवी ओवरसीज मार्केट में क्या कमाल दिखाती है, ये तो वक्त ही बताएगा, लेकिन नीम करौली बाबा के चमत्कार की कहानी सिर्फ भारत तक ही सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में भी फैली हैं।

हनुमान अंश साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 10 फिल्मों में शामिल हो चुकी है। फिलहाल कमाई के मामले में यह फिल्म टॉक्सिक, मिर्जापुर-द मूवी, वेलकम टू द जंगल और कॉकटेल 2 को पछाड़ कर साल की छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है।
