Chhapaak Box Office Collection Day 10: 'तानाजी' के सामने पस्त पड़ी छपाक, जानिए 10 दिनों की कमाई
Chhapaak Box Office Collection Day 10 छपाक के लिए दूसरा हफ़्ता काफ़ी अहम है क्योंकि 24 जनवरी से कंगना रनौत की पंगा और वरुण धवन की स्ट्रीट डांसर 3 डी रिलीज़ हो रही हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। दीपिका पादुकोण की फ़िल्म छपाक की रफ़्तार बॉक्स ऑफ़िस पर धीमी पड़ गयी है। हालांकि फ़िल्म ने 10 दिनों में 32 करोड़ से अधिक कलेक्शन कर लिया है। छपाक को अपने कलेक्शंस बढ़ाने के लिए यह हफ़्ता काफ़ी अहम है।
17 जनवरी को फ़िल्म दूसरे हफ़्ते में दाख़िल हो गयी। बॉलीवुड हंगामा के अनुसार, दूसरे शुक्रवार को छपाक ने 95 लाख रुपये का कलेक्शन किया था, जबकि शनिवार को कलेक्शंस बढ़े और 1.40 करोड़ जमा कर लिये। वहीं रविवार को छपाक ने 1.75 करोड़ का कलेक्शन किया। अब 10 दिनों में छपाक का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन 32.48 करोड़ हो चुका है। छपाक दीपिका पादुकोण की होम प्रोडक्शन फ़िल्म है। मेघना गुलज़ार ने इसका निर्देशन किया है। फ़िल्म एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल के जीवन पर आधारित है।
यह भी पढ़ें: टिकटॉक वीडियो को लेकर निशाने पर दीपिका पादुकोण, लोगों ने कहा- शर्म करो दीपिका
'छपाक' के लिए दूसरा हफ़्ता काफ़ी अहम है, क्योंकि 24 जनवरी से कंगना रनौत की पंगा और वरुण धवन की स्ट्रीट डांसर 3 डी रिलीज़ हो रही हैं। उधर, तानाजी भी बॉक्स ऑफ़िस पर डटी हुई है। नई फ़िल्मों की रिलीज़ की वजह से स्क्रींस की संख्या भी घटेगी, लिहाज़ा छपाक के लिए बहुत स्कोप नहीं बचेगा।
10 जनवरी को रिलीज़ हुई छपाक ने 4.77 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि पहले शनिवार को 6.90 करोड़ और रविवार को 7.35 करोड़ जमा किये थे। वर्किंग वीक में छपाक ने पहले सोमवार को 2.35 करोड़ का कलेक्शन किया था। मंगलवार को 2.55 करोड़, बुधवार को 2.61 करोड़ और गुरुवार को 1.85 करोड़ जमा किये थे।
प्रमोशन ख़र्च के साथ छपाक की लागत लगभग 35 करोड़ बतायी जाती है, जिसमें से 26 करोड़ की वसूली रिलीज़ से पहले विभिन्न राइट्स के ज़रिए हो चुकी है। ब्रेक इवन के लिए सिनेमाघरों में रिलीज़ से फ़िल्म को 9 करोड़ और चाहिए थे।
रिलीज़ से पहले दीपिका फ़िल्म के प्रमोशन के लिए दिल्ली आयी थीं। उस दौरान उन्होंने जेएनयू का दौरा भी किया था, जहां स्टूडेंट प्रदर्शन कर रहे थे। इसकी वजह से सोशल मीडिया में फ़िल्म के बहिष्कार का अभियान भी चलाया गया।