Box Office Report November: 'बाला' के नाम रहा साल का 11वां महीना, 'मरजावां' ने भी दिखाया दम
Box Office Report November Month महीने के आख़िरी शुक्रवार 29 नवंबर को कमांडो 3 और होटल मुंबई रिलीज़ हुईं। कमांडो 3 ने अपेक्षाओं के अनुरूप ओपनिंग ली है।
नई दिल्ली, जेएनएन। साल 2019 के 11 महीने बीत चुके हैं। बॉलीवुड के लिये यह साल अच्छा रहा है। हालांकि नवंबर का महीना बॉक्स ऑफ़िस के लिए कुछ नर्म रहा। 11वें महीने में सिर्फ़ आयुष्मान खुराना की बाला ने ही बॉक्स ऑफ़िस पर शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा ज़्यादातर फ़िल्में अच्छे कलेक्शन के लिए रेंगती रहीं।
पहली नवंबर को उजड़ा चमन रिलीज़ हुई थी। अभिषेक पाठक निर्देशित फ़िल्म में सनी सिंह ने मुख्य किरदार निभाया था। आयुष्मान खुराना की बाला से समानता के लिए कारण फ़िल्म रिलीज़ से पहले विवादों और चर्चा में रही, मगर रिलीज़ के बाद दर्शकों की नज़र में नहीं चढ़ सकी। उजड़ा चमन लगभग 12 करोड़ का ही लाइफ़ टाइम कलेक्शन कर सकी।
इसके एक हफ़्ते बाद 8 नवंबर को बाला आयी। आते ही फ़िल्म छा गयी। 10.15 करोड़ की बेहतरीन ओपनिंग लेने के बाद फ़िल्म अब तक 113 करोड़ से अधिक जमा कर चुकी है और अभी भी सिनेमाघरों में चल रही है। बाला नवंबर की सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फ़िल्म है। फ़िल्म का निर्देशन अमर कौशिक ने किया है। (बॉक्स ऑफ़िस के सभी आंकड़े Koimoi वेबसाइट से लिये गये हैं)
15 नवंबर को रितेश देशमुख और सिद्धार्थ मल्होत्रा की फ़िल्म मरजावां रिलीज़ हुई जिसे मिलाप ज़वेरी ने निर्देशित किया था। एक्शन और हेवी डायलॉगबाज़ी वाली इस फ़िल्म ने लगभग 7 करोड़ की ओपनिंग ली थी, और अब तक 47 करोड़ से अधिक कलेक्शन कर चुकी है। रकुल प्रीत और तारा सुतारिया ने फ़िल्म में फीमेल लीड रोल्स निभाये थे।
22 नवंबर को जॉन अब्राहम और इलिया डिक्रूज़ की पागलपंती रिलीज़ हुई थी, जिसे अनीस बज़्मी निर्देशित किया था। अनिल कपूर, अरशद वारसी, पुल्कित सम्राट, सौरभ शुक्ला जैसी दमदार सहायक स्टार कास्ट के बावजूद फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर कुछ ख़ास कमाल नहीं कर सकी। पागलपंती पहले हफ़्ते में सिर्फ़ 29 करोड़ के आसपास ही जमा कर सकी है।
महीने के आख़िरी शुक्रवार 29 नवंबर को कमांडो 3 और होटल मुंबई रिलीज़ हुईं। कमांडो 3 ने अपेक्षाओं के अनुरूप ओपनिंग ली है और ओपनिंग वीकेंड में लगभग 18 करोड़ का कलेक्शन किया है। वहीं होटल मुंबई ने 4 करोड़ से अधिक बटोरे हैं। अब दिसम्बर में कई बड़ी फ़िल्में आएंगी और बॉक्स ऑफ़िस का तापमान बढ़ने की उम्मीद है।