Box Office: 2018 में हॉलीवुड ने किया बॉलीवुड की नाक में दम, शुरू हुआ 200 करोड़ क्लब
2018 में हॉलीवुड फ़िल्मों की कामयाबी के एक नये अध्याय की शुरुआत हुई, जब एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर ने 200 करोड़ क्लब में एंट्री ली।
मुंबई। साल 2018 में बॉक्स ऑफ़िस पर बॉलीवुड को हॉलीवुड से लगातार चुनौती मिलती रही। कुछ ऐसी फ़िल्में आयीं, जिन्होंने भारत में कामयाबी का नया इतिहास लिखा। इन फ़िल्मों के आस-पास या तो बॉलीवुड फ़िल्में रिलीज़ नहीं हुईं। अगर रिलीज़ भी हुईं तो उनकी हालत खस्ता रही। 2018 इस बात के लिए भी याद रखा जाएगा कि इस साल हॉलीवुड फ़िल्मों के लिए देश में 200 करोड़ क्लब की बुनियाद पड़ी।
साल 2018 की आख़िरी हॉलीवुड रिलीज़ Aquaman है, जो 14 दिसम्बर को सिनेमाघरों में आयी। 'एक्वामैन' देश में अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में 3 डी, आईमैक्स और 2 डी फॉर्मेट्स में रिलीज़ की गयी। फ़िल्म की हाइप को देखते हुए ट्रेड विश्लेषकों अनुमान था कि ओपनिंग वीकेंड में ₹20 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी और वही हुआ भी। फ़िल्म ने ₹7.75 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जिसमें 13 दिसम्बर को रखे गये प्रीव्यूज़ की रकम भी शामिल थी। ट्रेड जानकारों के अनुसार ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म ने ₹28.75 करोड़ का कलेक्शन किया। वहीं 6 दिनों में ₹40 करोड़ पर पहुंच गयी थी। माना जा रहा है कि एक्वामैन देश में ₹70 करोड़ तक का कलेक्शन कर सकती है। ग़ौरतलब है कि एक्वामैन के साथ कोई बॉलीवुड फ़िल्म रिलीज़ नहीं हुई थी।
5 अक्टूबर को 'वेनम' रिलीज़ हुई थी, जिसे ₹4.08 करोड़ की ओपनिंग मिली थी। यह फ़िल्म ने ₹28 करोड़ का लाइफ़ टाइम कलेक्शन करके फ़ायदे में रही। इसके साथ रिलीज़ हुई 'लवयात्री' को सिर्फ़ ₹2.80 करोड़ की ओपनिंग मिली थी, जबकि 'अंधाधुन' को ₹2.70 करोड़ मिले थे। हालांकि बाद में 'अंधाधुन' अच्छी चली और ₹75 करोड़ जमा करके हिट रही। वहीं, 'लवयात्री' ₹10 करोड़ जमा करके फ्लॉप रही थी।
7 सितम्बर को रिलीज़ हुई 'द नन' ने ₹8 करोड़ की ओपनिंग ली थी, जबकि ₹42 करोड़ जमा करके यह हिट रही। दूसरी ओर इसके साथ आयी 'पलटन', 'गली गुलियां' और 'लैला मजनूं' फ्लॉप रहीं। 'पलटन' को सिर्फ़ ₹1.25 करोड़ की ओपनिंग मिली थी और ₹7 करोड़ जमा करके फ़िल्म फ्लॉप रही थी। मनोज बाजपेयी की 'गली गुलियां' सिर्फ़ ₹50 लाख बटोर सकी, जबकि 'लैला मजनूं' ₹2.50 करोड़ ही जमा कर सकी। इस फ़िल्म के पीछे इम्तियाज़ अली और एकता कपूर जैसे दिग्गज खड़े थे।
27 जुलाई को टॉम क्रूज़ 'मिशन इम्पॉसिबिल' सीरीज़ का छठा भाग 'फॉलआउट' लेकर आये, जिसे ₹77 करोड़ का कलेक्शन करके हिट का दर्ज़ा पाया। मगर इसके साथ आयी संजय दत्त की 'साहेब बीवी और गैंगस्टर्स 3', ₹7.50 करोड़ का कलेक्शन करके फ्लॉप रही। 'मिशन इम्पॉसिबिल फॉलआउट' के लिए दर्शकों में क्रेज़ के चलते 27 जुलाई को ज़्यादा फ़िल्में रिलीज़ नहीं हुई थीं।
सलमान ख़ान की 'रेस 3' ईद के मौक़े पर 15 जून को रिलीज़ हुई थी। ईद पर सलमान ख़ान की फ़िल्मों की कामयाबी के इतिहास को देखते हुए 22 जून को कोई बड़ी हिंदी फ़िल्म रिलीज़ नहीं हुई, सिर्फ़ हॉलीवुड एनीमेशन फ़िल्म 'द इनक्रेडिबल्स 2' ही सिनेमाघरों में उतरी, जिसने ओपनिंग वीकेंड में ₹17.85 करोड़ रुपए नेट जमा किये थे। यक़ीन करना मुश्किल है, पर ऐसा हुआ है। पहले वीकेंड में 'इनक्रेडिबल्स 2', सलमान की 'रेस 3' पर भारी पड़ी थी, जिसने दूसरे वीकेंड में सिर्फ़ ₹15.30 करोड़ रुपए जमा किये।
'द एंटमैन एंड द वास्प' 13 जुलाई को रिलीज़ हुई। फ़िल्म ने ₹5.50 करोड़ की ओपनिंग ली, जबकि इसके साथ आयी 'सूरमा' को पहले दिन ₹3.25 करोड़ ही मिले। 'एंटमैन' ₹30.60 करोड़ का कलेक्शन करके प्लस में रही, जबकि 'सूरमा' ₹30.11 करोड़ का कलेक्शन करके औसत रही।
इससे पहले 7 जून को रिलीज़ हुई हॉलीवुड फ़िल्म 'जुरासिक वर्ल्ड फॉलन किंगडम' ने देश में ₹117 करोड़ का बिज़नेस कर लिया है। ख़ास बात यह है कि इस फ़िल्म की भारत में तगड़ी फ़ैन फॉलोइंग के चलते कोई बॉलीवुड फ़िल्म इसके साथ नहीं आयी। 18 मई को रिलीज़ हुई 'डेडपूल2' ने ₹54 करोड़ रुपए बटोरे थे, इसके साथ कोई बॉलीवुड फ़िल्म नहीं आयी थी। 'डेडपूल2' फ़ायदे में रही। 13 अप्रैल को 'रैम्पेज' रिलीज़ हुई। इसके साथ हिंदी फ़िल्म 'अक्टूबर' आयी। 'रैम्पेज' ₹26.50 करोड़ का कलेक्शन करके फ़ायदे में रही, वहीं 'अक्टूबर' ₹45.36 करोड़ जमा करके औसत रही।
2018 में हॉलीवुड फ़िल्मों की कामयाबी के एक नये अध्याय की शुरुआत हुई, जब 'एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर' ने 200 करोड़ क्लब में एंट्री ली। 27 अप्रैल को रिलीज़ हुई इस फ़िल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर 222.69 करोड़ का कलेक्शन किया, जो किसी भी हॉलीवुड फ़िल्म के लिए एक रिकॉर्ड है। 16 फरवरी को 'अय्यारी' के साथ 'ब्लैक पैंथर' रिलीज़ हुई थी। 'अय्यारी' ₹17 करोड़ ही जमा कर सकी और फ्लॉप रही, जबकि 'ब्लैक पैंथर' ₹38.10 करोड़ का कलेक्शन किया था और फ़ायदे में रही थी।
फ्लॉप रहीं यह फ़िल्में
'फैंटास्टिक बीट्स- द क्राइम ऑफ़ ग्रिंडलवॉल्ड' ₹16.50 करोड़ ही जमा कर सकी। वहीं, 'स्कायस्क्रैपर' को ₹8 करोड़ मिले। जबकि साल की शुरुआत में आयी 'द पोस्ट' ₹4.17 करोड़ इकट्ठा करके भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर फ्लॉप रही।
अगर पिछले कुछ सालों में भारत में रिलीज़ हुईं हॉलीवुड फ़िल्मों के टॉप 10 कलेक्शंस देखें तो इस प्रकार हैं-
10. लाइफ़ ऑफ़ पाई- ₹88 करोड़
9. द अमेज़िंग स्पायडरमैन- ₹96 करोड़
8. स्पायडरमैन 3- ₹100 करोड़
7. 2012- ₹102 करोड़
6. एवेंजर्स: एज ऑफ़ अल्ट्रॉन- ₹111 करोड़
5.अवतार- ₹145 करोड़
4. जुरासिक वर्ल्ड- ₹152 करोड़
3. फ्यूरियस 7- ₹172 करोड़
2. जंगल बुक- ₹188 करोड़
1. एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर- ₹222.69 करोड़
ग़ौरतलब है कि इनमें दो फ़िल्में इसी साल की हैं।