Bhool Bhulaiyaa 2 Box Office: कार्तिक आर्यन की फिल्म ने लगाया कमाई का अम्बार, 100 करोड़ से बस इतना दूर
Bhool Bhulaiyaa 2 Box Office Collection Day 5 भूल भुलैया 2 का निर्देशन अनीस बज्मी ने किया है। फिल्म में कियारा आडवाणी फीमेल लीड रोल में हैं। वहीं तब्बू ने एक खास भूमिका निभायी है। फिल्म 20 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। Bhool Bhulaiyaa 2 Box Office Collection Day 5: कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की भूल भुलैया 2 की धुआंधार कमाई का सिलसिला जारी है। रिलीज के महज पांच दिनों में फिल्म ने 75 करोड़ के पड़ाव को पार कर लिया है और अब 100 करोड़ क्लब की ओर तेजी से बढ़ रही है। फिल्म की इस रफ्तार को देखते हुए उम्मीद है कि दूसरे वीकेंड तक यह पड़ाव भी पार हो जाएगा।
भूल भुलैया 2 ने मंगलवार को रिलीज के पांच दिन पूरे कर लिये और पांचवें दिन फिल्म ने 9.56 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया है, जो भूल भुलैया 2 की बॉक्स ऑफिस पर मजबूती की मिसाल है। इसके साथ भूल भुलैया 2 का 5 दिनों का नेट कलेक्शन अब 76.27 करोड़ हो गया है।
इससे पहले फिल्म ने सोमवार को 10.75 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। फिल्म वर्किंग वीक में स्थिरता के साथ आगे बढ़ रही है। मंगलवार को फिल्म के कलेक्शंस में ज्यादा गिरावट नहीं आयी है।
20 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ने 14.11 करोड़ की ओपनिंग ली थी। इसके बाद ओपनिंग वीकेंड में फिल्म के कलेक्शंस प्रतिदिन बढ़ते रहे। पहले शनिवार को भूल भुलैया 2 ने 18.34 करोड़ और रविवार को 23.51 करोड़ बटोर लिये थे। इसे मिलाकर फिल्म ने 55.96 करोड़ का ओपनिंग वीकेंड किया, जो साल 2022 का सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड है। वहीं, कार्तिक आर्यन के करियर का भी सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन है। भूल भुलैया 2 का निर्देशन अनीस बज्मी ने किया है। फिल्म में तब्बू ने भी एक अहम भूमिका निभायी है।
उधर, भूल भुलैया 2 के साथ रिलीज हुई कंगना रनोट की फिल्म धाकड़ का बॉक्स ऑफिस पर बुरा हाल है। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की प्रतिदिन की कमाई एक करोड़ से भी कम रही है और ट्रेड ने फिल्म को डिजास्टर कहना शुरू कर दिया है। धाकड़ स्पाई-एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन रजनीश रेजी घई ने किया है। फिल्म में कंगना रनोट के साथ अर्जुन रामपाल और दिव्या दत्ता ने अहम किरदार निभाये हैं।