Box Office: अनुष्का का डर...पस्त, सोनू-टीटू-स्वीटी...जबरदस्त
फिल्म को दूसरे हफ़्ते में भी अच्छी कमाई का मौका है क्योंकि अभी कोई बड़ी चुनौती सामने नज़र नहीं आती। सोनू के टीटू की स्वीटी 75 करोड़ का कारोबार कर सकती है।
मुंबई। वीराना और पुरानी हवेली से निकल कर बॉलीवुड भले ही हॉरर फिल्मों के बड़े कमर्शियल सेटअप में पहुंच गया हो लेकिन ऐसी फिल्में बॉक्स ऑफिस तगड़ी कमाई नहीं करवा पातीं। अनुष्का शर्मा की फिल्म परी का भी वही हाल है, जो दूसरे दिन भी कोई कमाल नहीं दिखा पाई। जबकि सोनू के टीटू की स्वीटी ने दूसरे वीकेंड पर भी अपना दबदबा बरकरार रखा है।
प्यार का पंचनामा वाले लव रंजन के निर्देशन में बनी कार्तिक आर्यन, नुसरत भरुचा और सनी सिंह स्टारर सोनू के टीटू की स्वीटी ने घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर अपने दूसरे वीकेंड में शनिवार को छह करोड़ 55 लाख रूपये का कलेक्शन किया। छह करोड़ 42 लाख रूपये से ओपनिंग लेने वाली इस फिल्म ने पहले वीकेंड में 26 करोड़ 57 लाख रूपये का कलेक्शन किया था और अब कुल कलेक्शन 58 करोड़ 32 लाख रूपये हो गया है। दो लड़कों की आपसी दोस्ती और रोमांस से ज़्यादा ब्रोमांस की वकालत करने वाली ये फिल्म इस साल की सरप्राइज़िंग पैकेज रही है। फिल्म को दूसरे हफ़्ते में भी अच्छी कमाई का मौका है क्योंकि अभी कोई बड़ी चुनौती सामने नज़र नहीं आती। सोनू के टीटू की स्वीटी 75 करोड़ का कारोबार कर सकती है।
लेकिन इस शुक्रवार को रिलीज़ हुई अनुष्का शर्मा प्रोडक्शन और स्टारर फिल्म परी की हालत सुधर नहीं पाई पाई। फिल्म को दूसरे दिन यानि शनिवार को पांच करोड़ 47 लाख रूपये का कलेक्शन मिला है। फिल्म ने पहले दिन चार करोड़ 36 लाख रूपये का कलेक्शन किया था यानि अब नेट इंडिया कलेक्शन नौ करोड़ 83 लाख रूपये हो गया है। अनुष्का के ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए परी की जितनी उम्मीद की गई थी, उतना कलेक्शन तो हासिल हुआ है। साल 2015 में अनुष्का शर्मा प्रोडक्शंस की एन एच 10 ने पहले दिन तीन करोड़ 35 लाख और पहले वीकेंड में 13 करोड़ 30 लाख रूपये कमाए थे और 2017 में आई फिल्लौरी ने पहले दिन चार करोड़ दो लाख और पहले वीकेंड में 15 करोड़ 25 लाख रूपये की कमाई की थी। वैसे भी देश में हाल के वर्षों में हॉरर फिल्मों का बड़ा मार्केट नहीं रहा है। अगर सनी लियोनी स्टारर रागिनी एम्एम्एस 2 के आठ करोड़ 43 लाख रूपये के ओपनिंग कलेक्शन को छोड़ दिया जाय तो बाकी हॉरर फिल्मों को बड़ा कलेक्शन नहीं मिला है।
- बात अगर अकेले के कंधे पर फिल्म लेकर चलने वाली अभिनेत्रियों की हो तो विद्या बालन की कहानी 2 को पहले वीकेंड में 16. 97 करोड़, सोनाक्षी सिन्हा की अकीरा को 16.65 करोड़, बिपाशा बासु की अलोन को 15 करोड़ , श्रीदेवी की मॉम को 14. 40 करोड़ और रानी मुखर्जी की मर्दानी को 14. 34 करोड़ मिले थे।
परी, एक सुपरनेचुरल हॉरर फिल्म है। प्रोसित रॉय निर्देशित में बनी इस फिल्म में अनुष्का डबल रोल में है। फिल्म में परमब्रत चटर्जी,रिताभरी चक्रवर्ती और रजत कपूर ने भी काम किया है।
यह भी पढ़ें: बड़े परदे पर रजनीकांत का 'आतंक', काला का टीज़र ख़ूब देखा जा रहा