Box Office: अलिया भट्ट ने किया कमाल, पहले वीकेंड में राज़ी को इतने करोड़
राज़ी के पास अब ये पूरा हफ़्ता है, शुक्रवार के पहले तक जब वो अपना कलेक्शन और बेहतर साबित कर सकती है। शुक्रवार को हॉलीवुड की फिल्म डेडपूल रिलीज़ हो रही है l
मुंबई। आलिया भट्ट की फिल्म राज़ी ने घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर अपने परफार्मेंस से ये साबित कर दिया है कि वो आज के दौर में अकेले फिल्म को हिट कराने का माद्दा रखती हैं क्योंकि उनकी फिल्म राज़ी ने पहले वीकेंड में ऐसा कमाल दिखा दिया है।
मेघना गुलज़ार के निर्देशन में बनी फिल्म राज़ी ने रिलीज़ के घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर पहले तीन दिनों में 32 करोड़ 94 लाख रूपये का कलेक्शन कर लिया है। रविवार यानि तीसरे दिन फिल्म ने 14 करोड़ 11 लाख रूपये का कलेक्शन किया था।फिल्म को पहले दिन अनुमान से कहीं अधिक सात करोड़ 53 लाख रूपये का कलेक्शन मिला था। राज़ी को मिली इस सफलता का मतलब सिर्फ़ सब माउथ पब्लिसिटी ही नहीं है बल्कि दर्शकों ने आलिया की एक्टिंग और मेघना गुलज़ार की कहानी कहने के तरीके को भी सराहा है। राज़ी के पास अब ये पूरा हफ़्ता है, शुक्रवार के पहले तक जब वो अपना कलेक्शन और बेहतर साबित कर सकती है। शुक्रवार को हॉलीवुड की फिल्म डेडपूल रिलीज़ हो रही है और माना जा रहा है कि एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर की तरह इस फिल्म को भी जबरदस्त सफलता मिल सकती है। राज़ी ने अमिताभ बच्चन-ऋषि कपूर स्टारर 102 नॉट आउट के वीकेंड कलेक्शन 16 करोड़ 65 लाख और रानी मुखर्जी की हिचकी के 15 करोड़ 35 लाख कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
मेघना गुलज़ार की पिछली फिल्म तलवार को पहले वीकेंड में 9 करोड़ रूपये का कलेक्शन मिला था।
वरुण धवन के साथ उनकी बद्रीनाथ की दुल्हनिया को तीन दिन में 43 करोड़ पांच लाख रूपये का कलेक्शन मिला था।
डियर ज़िंदगी को 32 करोड़ 50 लाख रूपये और उड़ता पंजाब को 33 करोड़ 80 लाख रूपये।
जासूसी हमेशा ही फिल्मों का पसंदीदा विषय रहा है। इस बार जब फिल्म की कहानी देशप्रेम से जुड़ी थी और आलिया भट्ट जैसी परफार्मर थी तो असर बेहतर पड़ना ही था। ‘हू तू तू, फ़िलहाल और तलवार जैसी फिल्मों के जरिये अपने सोच और कलात्मकता दिखाने वाली गुलज़ार की बेटी मेघना ने साल 2008 में आई हरिंदर सिक्का की किताब ‘कॉलिंग सहमत’ की कहानी को लेकर राज़ी बनाई है। राज़ी कहानी है 1971 की जब भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव चरम पर था। तभी आये एक ‘सीक्रेट कोड’ ने भारतीय सेना के हौसलों को बुलंद कर दिया था। कश्मीर की कॉलेज जाने वाली एक लड़की सहमत ने ऐसा कर दिखाया था। पिता की अंतिम इच्छा को पूरा करने निकली वो लड़की अपनी देशभक्ति के लिए जासूस बन जाती है। पाकिस्तान के आर्मी जनरल के लड़के से शादी कर लेती है और उसका मिशन होता है कि वो हर रोज़ भारतीय ख़ुफ़िया तंत्र को पाकिस्तान गतिविधियों की जानकारी पहुंचाये।
हरिंदर सिक्का ने उस दौरान हुई एक सच्ची घटना को किताब के पन्नों में कैद किया था। सहमत का वो किरदार आलिया भट्ट ने निभाया और फिल्म में विक्की कौशल, रजित कपूर, सोनी राजदान, अमृता खानविलकर, शिशिर शर्मा और जयदीप अहलावत ने काम किया है। करीब दो घंटे 18 मिनट की इस फिल्म को प्रचार के खर्च के साथ 30 करोड़ रूपये में बनाया गया और 1200 स्क्रीन्स में रिलीज़ किया गया।
यह भी पढ़ें: Box Office को भा गई आलिया की जासूसी, शनिवार को इतने करोड़ पर राज़ी