Box Office: रजनीकांत के साथ अक्षय ने किया 2.0 धमाका, छठे दिन 'बाहुबली' का रिकॉर्ड तोड़ा
100 करोड़ में पहुंचने वाली 2.0 अक्षय कुमार की दसवीं फ़िल्म है। साथ ही 100 करोड़ से अधिक कमाई करने वाली अक्षय की सबसे तेज़ फ़िल्म भी है।
मुंबई। बॉक्स ऑफ़िस पर अक्षय कुमार और रजनीकांत ने मिलकर एक नया कारनामा कर दिया है। रिलीज़ के छठे दिन उनकी फ़िल्म '2.0' ने 'बाहुबली- द बिगिनिंग' के लाइफ़ टाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
2.0 की शानदार कमाई का सिलसिला जारी है। ₹95 करोड़ के बेहतरीन ओपनिंग वीकेंड के बाद फ़िल्म ने पहले सोमवार को भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है और इसी के साथ फ़िल्म 100 करोड़ क्लब में प्रवेश कर गयी है। अक्षय ने भी इस कमाई के साथ एक रिकॉर्ड बना लिया है। वीकेंड के बाद सोमवार से कामकाजी दिन शुरू होते हैं और फ़िल्मों के कलेक्शंस में गिरावट आती है, लेकिन 2.0 मजबूत पकड़ बनाये हुए है। पहले सोमवार को फ़िल्म ने ₹13.75 करोड़ का कलेक्शन किया। वहीं मंगलवार को भी ज़्यादा गिरावट नहीं आयी और फ़िल्म ने ₹11.50 करोड़ जमा कर लिये। इसके साथ ही 2.0 का 6 दिनों का कलेक्शन ₹122.50 करोड़ हो गया है। फ़िल्म की इस रफ़्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि दूसरे वीकेंड में इसका कलेक्शन ₹150 करोड़ के पड़ाव को पार कर जाएगा।
इस कलेक्शन के साथ मंगलवार को 2.0 ने एसएस राजामौली की 'बाहुबली- द बिगिनिंग' के कलेक्शंस को पार कर लिया है। 2015 में आयी इस तेलुगु फ़िल्म के हिंदी वर्ज़न ने ₹117 करोड़ की कमाई का रिकॉर्ड बनाया था। 'बाहुबली2' रिलीज़ होने से पहले तक किसी डब हिंदी फ़िल्म की यह सबसे अधिक कमाई थी। हालांकि 2.0 और बाहुबली सीरीज़ की फ़िल्मों में फ़र्क यह है कि 2.0 डब फ़िल्म नहीं है, बल्कि तमिल के साथ तेलुगु और हिंदी में बनायी गयी है।
शंकर के निर्देशन में बनी 2.0 साइंस फ़िक्शन फ़िल्म है, जिसमें अक्षय कुमार ने पक्षीराजन नाम के ऐसे पक्षी विशेषज्ञ का रोल निभाया है, जो मोबाइल फोन और टॉवरों से निकलने वाले विकिरण की वजह से पक्षियों पर मंडरा रहे ख़तरे से चिंतित है। एक हादसे में उसमें सुपर पॉवर्स आ जाती हैं और वो मोबाइल फोन के ख़िलाफ़ जंग छेड़ देता है। इस जंग में उसे रोकने के लिए लौटता है सुपर रोबोट चिट्टी। फ़िल्म में रजनीकांत डबल रोल में हैं। कम्प्यूटर जीनियस डॉ. वशीगरन के अलावा उन्होंने चिट्टी का भी किरदार निभाया है। वहीं एमी जैक्सन फ़िल्म में मानवीय रोबोट के रोल में हैं। फ़िल्म को क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है।
ओपनिंग वीकेंड का ऐसा रहा सफ़र
2.0, 29 नवंबर को गुरुवार को रिलीज़ हुई थी। देश में फ़िल्म को लगभग 4000 स्क्रींस पर रिलीज़ किया गया है। फ़िल्म ने ₹20.25 करोड़ की धांसू ओपनिंग ली थी। नॉन हॉलीडे रिलीज़ को देखते हुए यह आंकड़ा बेहतरीन है। दूसरे दिन यानि शुक्रवार को कलेक्शन गिरा और ₹18 करोड़ ही मिल सके, जबकि तीसरे दिन यानि शनिवार को आंकड़ों में क़रीब 23 फीसदी उछाल आया और 2.0 ने ₹25 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। वहीं, रविवार को तो कलेक्शंस ने जैसे आसमान छू लिया और 34 करोड़ अपनी झोली में डाले। इस तरह 4 दिन लंबे ओपनिंग वीकेंड में 2.0 का कुल नेट कलेक्शन ₹95 करोड़ हो गया।
वर्ल्डवाइड 450 करोड़ पार
फ़िल्म ट्रेड से जुड़े सूत्रों के अनुसार, लगभग 500 करोड़ के बजट में बनी 2.0 दुनियाभर में ₹451 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है, जिसमें से ₹337करोड़ सिर्फ़ भारत में कमाये हैं, जबकि ₹114 करोड़ ओवरसीज़ से आये हैं। फ़िल्म ने लगभग ₹370 करोड़ की रिकवरी रिलीज़ से पहले ही विभिन्न राइट्स के माध्यम से कर ली है।
अक्षय की सबसे तेज़ 100 करोड़ी फ़िल्म
100 करोड़ में पहुंचने वाली 2.0 अक्षय कुमार की दसवीं फ़िल्म है। साथ ही 100 करोड़ से अधिक कमाई करने वाली अक्षय की सबसे तेज़ फ़िल्म भी है। अक्षय की फ़िल्मों को 100 करोड़ तक पहुंचने में लगे दिन इस प्रकार हैं-
- 2.0- 111 करोड़- 5 दिन
- टॉयलेट एक प्रेम कथा- 134.25 करोड़- 8 दिन
- रुस्तम- 128 करोड़- 9 दिन
- एयरलिफ़्ट- 129 करोड़- 10 दिन
- राउडी राठौड़- 133 करोड़- 11 दिन
- जॉली एलएलबी2- 117 करोड़-12 दिन
- गोल्ड- 105 करोड़- 13 दिन
- हाउसफुल3- 109 करोड़- 13 दिन
- हॉलीडे- 113 करोड़- 15 दिन
- हाउसफुल2- 116 करोड़- 17 दिन