क्या अक्षय कुमार का रिकॉर्ड तोड़ देंगे पंकज त्रिपाठी, अगले साल रिलीज़ होंगी ये फिल्में
मिर्जापुर वेब सीरीज़ में कालीन भैया के किरदार में नज़र आए पंकज त्रिपाठी साल 2020 में कई फिल्मों में नज़र आने वाले हैं। अपकमिंग प्रोजेक्ट में 9 फिल्में शामिल हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड में कई सालों से अपनी बेहतरीन एक्टिंग का प्रदर्शन कर रहे पंकज त्रिपाठी अब सबसे मंझे एक्टर में से एक बन चुके हैं। पंकज ने अपने बॉलीवुड करियर में कई ऐसी बेहतरीन किरदार निभाए हैं जिनमें उन्होंने अपनी छाप छोड़ दी है। अब तक बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार अक्षय ने साल भर में सबसे ज्यादा फिल्में करने का टैग ले रखा था मगर अब पंकज त्रिपाठी के अपकमिंग प्रोजेक्ट देखते हुए लगता है कि पंकज जल्द ही अक्षय का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। आपको जानकर हैरानी होगी कि पंकज़ साल 2020 में तीन चार नहीं बल्कि पूरी 9 फिल्मों और कुछ अन्य वेब सीरीज़ का भी हिस्सा होंगे।
पंकज त्रिपाठी 10 अप्रेल 2020 को रिलीज़ होने वाली फिल्म 83 में नज़र आने वाले हैं। इस फिल्म में रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण अहम भूमिका में नज़र आने वाले हैं। पंकज इस फिल्म में मान सिंह की भूमिका निभाने वाले हैं जो 1983 में इंडियन क्रिकेट टीम के मैनेजर थे।
10 जनवरी 2020 में रिलीज़ होने वाली फिल्म तानाजी में भी पंकज त्रिपाठी मिर्जा राजा जय सिंह का किरदार निभाने वाले हैं। इस फिल्म में अजय देवगन और सैफ अली खान अहम किरदार निभा रहे हैं।
20 मार्च को रिलीज़ होने वाली करीना कपूर खान और इरफान खान स्टारर फिल्म अंग्रेजी मीडियम में भी पंकज त्रिपाठी नज़र आने वाले हैं।
यह भी पढ़ें: क्या रितेश देशमुख ने उठाया है किसान कर्जमाफी का फायदा? अब एक्टर ने दिया ये जवाब
गुंजन सक्सेना की बायोपिक में पंकज जान्हवी कपूर के पिता की भूमिका निभाते नज़र आने वाले हैं। इस फिल्म में जान्हवी गुंजन सक्सेना का रोल निभाने वाली हैं। फिल्म को अगले साल 13 मार्च को रिलीज़ किया जाएगा।
अप्रेल 2020 में रिलीज़ होने वाली हॉरर कॉमेडी ड्रामा रूही अफ्ज़ा में पंकज त्रिपाठी अहम किरदार में नज़र आने वाले हैं। इस फिल्म में जान्हवी कपूर, राजकुमार राव लीड रोल में नज़र आएंगे।
इन फिल्मों के अलावा पंकज मिमी, संदीप और पिंकी फरार के साथ अनुराग कश्यप की एक अन्य फिल्म का हिस्सा भी रहने वाले हैं। इन बॉलीवुड फिल्मों के अलावा पंकज पॉपुलर सीरीज़ मिर्जापुर 2 में भी कालीन भैया के किरदार में अगले साल नज़र आएंगे।